'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में डॉक्टर हाथी का किरदार निभाने वाले एक्टर कवि कुमार आजाद अब हमारे बीच नहीं है। सोमवार को अचानक दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया था। मंगवार को तेज बारिश के बीच और तारक मेहता की पूरी टीम की मौजूदगी में डॉ. हाथी का अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. हाथी हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे।
इस बीच शो में बबीता जी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता अंतिम संस्कार के वक्त वहां मौजूद लोगों की हरकतों से गुस्से में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किए हैं। बबीता जी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'लोगों के व्यवहार से मैं दुखी हूं, जब हमने डॉक्टर हाथी को अंतिम विदाई थी। अंतिम संस्कार से पहले लोग सेल्फी ले रहे थे, वीडियो बना रहे थे।'
मुनमुन दत्त ने आगे कहा- चाहे वो कोई भी हो आंटी हो अंकल या जवान लोग। ये सब बेहूदा है। ये दिखाता है कि लोगों के दिल में जरा भी दूसरों के लिए इज्जत नहीं है। ऐसे तनावपूर्ण माहौल में भी आप लोग सेल्फी खींच रहे हैं। ऐसे समय में पब्लिक कभी रिस्पेक्ट दिखाने के लिए नहीं आती बस सेलेब्रिटी को देखने, फोटो खिंचाने आती है।
आपको बता दें, डॉ हाथी का वजन कभी 254 किलो हुआ करता था। इससे उन्हें चलने-फिरने में काफी दिक्कत होती थी। साल 2010 में उन्होंने सर्जरी करवाकर 80 किलो वजन कम करवाया था। कवि कुमार उर्फ डॉ. हाथी को कविताएं लिखने का भी बेहद शौक था। कवि कुमार आनंद 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के साथ इस कॉमेडी सीरियल के शुरू होने के एक साल बाद जुड़े थे।