क्रिकेट खिलाड़ी मिताली राज की बायोपिक पूरी करने के बाद अभिनेत्री तापसी पन्नू ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग राजस्थान में शुरू कर दी है। इस फिल्म में उनके साथ नजर आएंगे ‘स्कैम 1992’ में मशहूर हुए अभिनेता प्रतीक गांधी। फिल्म का नाम है ‘वो लड़की है कहां?’ और इस फिल्म का फर्स्ट लुक इसके निर्माताओं जंगली पिक्चर्स और रॉय कपूर फिल्म्स ने सोमवार को जारी किया। इस कॉमेडी-ड्रामा स्टोरी के लिए दोनों स्टूडियो ने हाथ मिलाया है। अरशद सैयद लिखित और निर्देशित फिल्म वो लड़की है कहां? के लिए तापसी पन्नू और प्रतीक गांधी पहली बार एक साथ आ रहे हैं।
फिल्म ‘वो लड़की है कहां?’ में तापसी पन्नू एक सशक्त पुलिस वाली के रूप में अपना पहला कॉमेडी रोल निभाती हुई नजर आएंगी। ‘स्कैम 1992’ में अपनी भूमिका के लिए ढेर सारी तारीफें बटोरने वाले प्रतीक गांधी एक मसाला मैग्नेट फैमिली के युवा नवविवाहित वंशज के रूप में बेहद अलग अवतार में नजर आएंगे। निर्माताओं ने जयपुर में उनके वर्तमान शूटिंग शेड्यूल से फिल्म के एक्टर्स का एक एक्साइटिंग फर्स्ट लुक शेयर किया है।
2 of 5
वो लड़की है कहां फर्स्ट लुक
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जंगली पिक्चर्स के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बात करते हुए निर्माता और रॉय कपूर फिल्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा, "हमें जंगली पिक्चर्स के साथ जुड़ने की खुशी है, जिसका हटकर और मनोरंजक कहानियां बनाने का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है। अरशद की शानदार स्क्रिप्ट दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर देगी। हम भविष्य में भी उनके साथ काम करना चाहेंगे।”
3 of 5
सिद्धार्थ रॉय कपूर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जंगली पिक्चर्स की अपकमिंग फैमिली एंटरटेनर फिल्मों में ‘बधाई दो’, ‘डॉक्टर जी’ के बाद ‘वो लड़की है कहां?’ शामिल हो गई है। रॉय कपूर फिल्म्स के साथ अपने सहयोग के बारे में बात करते हुए, जंगली पिक्चर्स की सीईओ अमृता पांडेय कहती हैं, “अरशद ने दिलचस्प और मनोरंजक कहानी लिखी है। इसके लिए रॉय कपूर फिल्म्स के साथ जुड़ने को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं। तापसी पन्नू और प्रतीक गांधी दोनों ने अपने काम से बहुत असर डाला है, उन्हें फिल्म में एक साथ लाना वाकई रोमांचक है।”
4 of 5
तापसी पन्नू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
पहली बार एक पुलिस वाली की भूमिका निभाने और फिल्म में अपने शानदार लुक को शेयर करने पर तापसी पन्नू कहती हैं, "महिला पुलिस की भूमिका निभाना और कॉमेडी फिल्म करना हमेशा से मेरी चेकलिस्ट में रहा है और मुझे खुशी है कि आखिरकार इस फिल्म में मुझे दोनों करने का मौका मिल रहा है। मैंने प्रतीक का काम देखा है और मुझे लगता है कि वह एक बेहद टैंलेंटेड एक्टर हैं। अरशद ने कमाल की स्क्रिप्ट लिखी है जिसमें शानदार हास्य के साथ बहुत सारे जज्बात भी हैं।"
5 of 5
प्रतीक गांधी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अपने रोल और इस रोमांचक टीम के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए प्रतीक गांधी ने कहा, 'मैंने अब तक जो भी काम किया है, “वो लड़की है कहां? में मेरा किरदार, उससे बहुत अलग है, और यह बहुत रोमांचक है। तापसी बेहद टैलेंटेड हैं और उनके साथ काम करने को लेकर मैं बहुत एक्साइटेड हूं। अरशद के पास एक बड़ा विजन है और उन्होंने इस कहानी को बहुत बारीकी से लिखा है! मुझे यकीन है कि दर्शक इसे पसंद करेंगे।" फिल्म ‘वो लड़की है कहां?’ अगले साल रिलीज होगी।