टी सीरीज के यूट्यूब खाते में एक और दिलचस्प उपलब्धि जुड़ गई है। सबसे अधिक सब्सक्राइब किए गए यूट्यूब चैनल के टैग के बाद अब टी सीरीज की हनुमान चालीसा को यूट्यूब पर एक बिलियन यानी की 100 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। टी सीरीज ने यह उपलब्धि कोरोना काल में हासिल की है जब पूरी दुनिया में उथल-पुथल चल रही है।
'रामायण' और 'महाभारत' के बाद अब छाया हनुमान चालीसा का जादू, पार किए 100 करोड़ व्यूज
गौरतलब है कि हनुमान चालीसा को लोग अच्छे वक्त से लेकर अपने बुरे वक्त तक में सुनना और गाना पसंद करते हैं। उल्लेखनीय है कि यूट्यूब पर मौजूद 9 मिनट 41 सेकेंड के हनुमान चालीसा को गायक हरिहरन ने अपनी आवाज दी है। वहीं टी सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार इस वीडियो में मुख्य तौर पर नजर आते हैं।
अब यह पहला भक्ति गाना बन गया है जिसने यूट्यूब पर 100 करोड़ से अधिक व्यूज हासिल कर लिए हैं। गौरतलब है कि अपने शुरुआती दौर में टी सीरीज को अपने रिकॉर्डेड भजन और आरती के लिए जाना जाता था।
भूषण कुमार के अनुसार उन्होंने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए संगीत के इस जॉनर को हमेशा ध्यान में रखा और इसे युवा दर्शकों के लिए भी प्रासंगिक रखने का प्रयास किया। भूषण कुमार टी सीरीज की इस उपलब्धि के बारे में बताते हैं, 'लोग अपने मुश्किल भरे वक्त में हनुमान चालीसा पढ़ना पसंद करते हैं।'
भूषण कुमार ने आगे कहा, 'कोविड 19 महामारी के चलते हम सभी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का सामना कर रहे हैं। हनुमान चालीसा ऐसे वक्त में हमें दर्द से सामना करने और दिक्कतों को बर्दाश्त करने की ताकत प्रदान करता है। इस भक्ति वीडियो को जो प्यार मिला है उससे मैं बेहद खुश हूं।'
पढ़ें: धर्मेंद्र भी झेल चुके हैं टिड्डियों के झुंड का हमला, वीडियो साझा कर बताई पूरी बात