कॉमेडियन किंग कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर फिर एक -दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं। आम तौर पर कूल रहने वाले सुनील ग्रोवर इस बार अपनी तुलना कपिल से किए जाने को लेकर भड़क गए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने ऐसा करने वाले यूजर को भी नहीं छोडा। इस यूज़र ने सुनील के टैलेंट को लेकर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी की और कहा कि वह कपिल की नकल कर रहे हैं।
दरअसल सुनील ग्रोवर कानपुर वाले खुराना नाम से एक शो लेकर आ रहे हैं। शो की शुरुआत सिंबा की टीम के साथ होगी। शो के प्रोमो जारी कर दिये गये हैं। वहीं एक यूजर ने शो के प्रोमो पर कमेंट करते हुए लिखा कि आप कपिल की तरह नकल करने से कपिल नहीं बन जाएंगे। कपिल के पास सेंस ऑफ ह्यूमर है, वो जोक्स बना सकते हैं और आप बकवास कर सकते हैं।
सुनील ने यूजर की इस बात का जबाव बड़े अनोखे तरीके से दिया। सुनील ने लिखा- ''आप होते कौन हो। पूरे एकाउंट में सिर्फ़ एक ट्वीट किया है। आप हमें अपने बारे में तो बताइए। सुनील ने आगे लिखा कि, हम तो सिर्फ मुस्कान लाने की कोशिश करते हैं। किसी का हंसना कैसे गलत हो सकता है। कृपया आप बार मेरा शो तो देख लीजिए, उसके बाद कोई टिप्पणी करना।
अभिनेता-कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने कहा है कि सलमान खान ने उनसे कपिल शर्मा के दोबारा आ रहे शो में साथ काम करने को लेकर बात की थी। ऐसी चर्चा है कि कपिल शर्मा के नए कॉमेडी शो के निर्माता सलमान खान दोनों कलाकारों के साथ काम करने के लिये उनका मनमुटाव दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।
सलमान की फिल्म 'भारत' में काम कर रहे 41 वर्षीय सुनील ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उनकी सलमान से बात हुई है। सुनील ने पीटीआई-भाषा को बताया, 'सलमान सर उस शो का निर्माण कर रहे हैं। मेरी डेट्स कपिल के शो से टकराएंगी क्योंकि मैं सलमान सर की फिल्म में काम कर रहा हूं।" "उन्होंने (सलमान ने) मुझसे दोनों के साथ आने को लेकर संक्षिप्त बातचीत की।"