श्रीदेवी ने अपने समय में बॉलीवुड में लगभग सभी बड़े सितारों के साथ काम किया है। मिथुन चक्रवर्ती से लेकर
अनिल कपूर तक ने श्रीदेवी के साथ कई फिल्में की हैं लेकिन
संजय दत्त के साथ उन्होंने केवल एक फिल्म की। श्रीदेवी ने कसम खाई थी कि वो संजय के साथ कभी काम नहीं करेंगी लेकिन लगता है अब उन्होंने अपनी कसम तोड़ने का फैसला कर लिया है।
श्रीदेवी की संजय दत्त के साथ ये तकरार सालों पुरानी है। वाकया है साल 1983 का जब श्रीदेवी 'हिम्मतवाला' की शूटिंग कर रही थीं। इस फिल्म में उनके साथ जितेंद्र हीरो थे। बाकी सभी की तरह संजय दत्त भी श्रीदेवी के फैन हुआ करते थे। इसलिए उनसे मिलने के चक्कर में वो इस फिल्म के सेट पर पहुंच गए।
संजय दत्त पर श्रीदेवी से मिलने का जूनून इस कदर सवार था की वो नशे की हालत में ही फिल्म सेट पर पहुंच गए। संजय श्रीदेवी को ढूंढने लगे और जब वो नहीं मिलीं तो उन्होंने ऐसा कदम उठाया जिसने श्रीदेवी को हिलाकर रख दिया।
संजय नशे में ही श्रीदेवी की वैनिटी वैन में जा घुसे। श्रीदेवी जो काफी रिजर्व नेचर की हैं, संजय को इस हालत में अपनी वैन में देख कर घबरा गईं। उन्हें बिलकुल अंदाजा नहीं था कि कोई अचानक से उनकी वैन में यूं आ धमकेगा।
इस घटना के बाद श्रीदेवी ने संजय दत्त के साथ कभी न काम करने की कसम खाई थी लेकिन मजबूरन उन्हें महेश भट्ट की फिल्म 'गुमराह' साइन करनी पड़ी। श्रीदेवी ने इस फिल्म से संजय को निकलवाने की बहुत कोशिश की लेकिन वो उसमें सफल न हो पाईं। श्रीदेवी ने किसी तरह ये फिल्म पूरी की। 'गुमराह' जबरदस्त हिट रही बावजूद इसके श्रीदेवी ने कभी संजय के साथ दोबारा काम नहीं किया।