देसी ओटीटी जी5 का फॉर्मूला अब सोनी लिव ने अपना लिया है। भारत की कहानियों को दुनिया भर में पहुंचाने का जो ख्वाब जी5 के संस्थापक सीईओ तरुण कटियाल ने देखा था, उसे जी5 ने भले बिसरा दिया हो लेकिन सोनी लिव के प्रबंधन को पक्का यकीन है कि दुनिया भर में भारतीय भाषाओं की कहानियों के कद्रदान हैं और आज नहीं तो कल इनका भी दिन आएगा। सोनी लिव चुपचाप पिछले कुछ महीनों में अपने कदम भारत से बाहर 28 वैश्विक इलाकों में पसार चुका है। तैयारी अब अक्टूबर में एक बड़ा धमाका करने की है। सोनी लिव की तैयारी अगले साल आईपीएल मैचों की नीलामी में हिस्सा लेने की भी है हालांकि कंपनी की नीति ये भी है कि वह इस तरह की तैयारियों में धूम धड़ाका करने की बजाय मजबूत और ठोस कदमों के साथ आगे बढ़ेगी। ओटीटी को बीते एक साल में ग्राहकों के मामले में जबर्दस्त लाभ पहुंचा है।
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया की एक शाखा के तौर पर सोनी लिव देश में आठ साल से है। आईपीएल के मैच कभी इसकी पहचान हुआ करते थे। फिर स्टार इंडिया के सर्वेसर्वा उदय शंकर ने ढाई अरब डॉलर से ज्यादा की रकम इनके राइट्स खरीदने में खर्च किए तो हल्ला डिजनी मुख्यालय तक जा पहुंचा जिसने भारत में स्टार और फॉक्स का कारोबार अपनी कंपनी के भीतर समेटना शुरू कर दिया था। उदय शंकर की अब डिज्नी से छुट्टी हो चुकी है और आईपीएल के प्रसारण अधिकारों की नीलामी अगले साल फिर होनी है। सोनी ने अभी से इस नीलामी में हिस्सा लेने का अपना इरादा पक्का कर लिया है।
2 of 5
घर की मुर्गी
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
उससे पहले सोनी लिव ने अपनी लाइब्रेरी को भी मजबूत करने का फैसला किया है। इस ओटीटी ने 40 नई वेब सीरीज अपने प्लेटफॉर्म पर लाने का फैसला किया है। इनमें से 20 शोज हिंदी में और 10-10 शोज तमिल और तेलुगु में बन रहे हैं। ये सारे शो उन दर्शकों को ध्यान में रखते हुए बन रहे हैं जो भारत के अलावा यूरो, ब्रिटेन, मध्य पूर्व, उत्तर अफ्रीका, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे क्षेत्रों में रह रहे हैं। इन सभी इलाकों में सोनी लिव चुपचाप अपनी शुरूआत कर चुका है, तकनीकी भाषा में इसे सॉफ्ट लॉन्च कह सकते हैं।
3 of 5
स्कैम 1992
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
इस महीने सोनी लिव की रीलॉन्च का एक साल पूरा हो रहा है। इस एक साल में इस ओटीटी ने 60 लाख ऐसे ग्राहक बनाए हैं जो भुगतान करके सोनी लिव की सामग्री देखते हैं। कंपनी की जानकारी के मुताबिक हर्षद मेहता पर बने निर्देशक हंसल मेहता के शो ‘स्कैम 1992’ ने ये पूरा माहौल बदला है और ओटीटी के ग्राहकों की संख्या बढ़ाने में इस शो का खास योगदान रहा है। इस दौरान ओटीटी पर 17 वेब सीरीज और छह ओरिजनल फिल्मों का प्रसारण हुआ। इनमें से ‘योर ऑनर’, ‘अनदेखी’, ‘अवरोध’, ‘जेएल 50’, ‘भोसले’ और ‘राम सिंह चार्ली’ को लोगों ने खूब पसंद भी किया।
4 of 5
अश्विनी अय्यर तिवारी
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
सोनी लिव प्रबंधन शोज के मामले में अपना कंपटीशन प्राइम वीडियो से मानता है। वह ये भी मानता है कि उनके पास दूसरे बड़े ओटीटी की तरह बहुत बड़ा बजट नहीं है लेकिन ये इतना जरूर है जितने में एक बड़ा शो बन सकता हो। दिनेश विजन की कंपनी सोनी लिव के लिए वरुण शर्मा के साथ एक शो बना रही है ‘चट्जपा’। इम्तियाज अली की कंपनी भी सोनी लिव के लिए एक शो बना रही है। चेन्नई के एवीएम स्टूडियो को फिल्मों की पायरेसी करने वाले साउथ गैंग पर आधारित शो मिला है ‘तमिल स्टाकर्स’ और निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी सोनी लिव के लिए इन दिनों बना रही हैं एक मेडिकल रोमांस कहानी ‘फाडू’।
5 of 5
रॉकेट बॉय
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
सोनी लिव की तैयारी कंप्टीशन में मौजूद दूसरे ओटीटी संचालकों को अपनी कहानियों से तगड़ा झटका देने की है। ओटीटी के निखिल आडवाणी और सिद्धार्थ रॉय कपूर के साझा उपक्रम में बन रहे शो ‘रॉकेट ब्वॉयज’ की जानकारी ‘अमर उजाला’ पर आप सबसे पहले पढ़ ही चुके हैं। इस शो को सोनी लिव के अक्तूबर में होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय लॉन्च का लीडर माना जा रहा है। इसके अलावा ‘स्कैम’, ‘अवरोध’, ‘योर ऑनर’ जैसे कामयाब शोज के अगले सीजन भी बन रहे हैं।