देश में लॉकडाउन भर लोगों की भलाई करने की वजह से छाए रहे अभिनेता सोनू सूद एक म्यूजिक वीडियो के साथ अपने प्रशंसकों को एक नई सौगात देने के लिए तैयार हैं। वह एक गीत 'पागल नहीं होणा' के म्यूजिक वीडियो में इश्क फरमाते हुए नजर आएंगे। म्यूजिक वीडियो में सोनू सूद को सेना के एक जवान के रूप में दिखाया गया है जो अपनी प्रेमिका के लिए प्रेम गीत गाता है।
2 of 6
सोनू सूद
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिलहाल सोनू की कोई फिल्म रिलीज नहीं हो रही है लेकिन उन्होंने एक म्यूजिक वीडियो जरूर बना लिया है जिसका शीर्षक है 'पागल नहीं होणा'। यह उनका पहला म्यूजिक वीडियो है इसलिए अपने उत्साह को व्यक्त करते हुए सोनू कहते हैं, 'जब मैंने इस गीत के विचार को सुना तो मुझे ज्यादा सोचना नहीं पड़ा। 'पागल नहीं होणा' गीत सेना के सभी जवानों और उनकी प्रेमिका और पत्नियों के लिए बनाया गया है। इस गीत के बोल आपके दिल को छू लेंगे और सुनंदा ने इस गाने को बहुत खूबसूरती से गाया भी है।'
3 of 6
सोनू सूद
- फोटो : facebook/ActorSonuSood
उधर, गायिका सुनंदा अपने इस नए गीत के बारे में कहती हैं, 'पागल नहीं होणा मेरे दिल के बहुत करीब है। मुझे पूरा भरोसा है कि यह हर श्रोता के दिल के तार छेड़ देगा। मुझे रचनात्मक लोगों के साथ काम करना हमेशा से पसंद रहा है और जब इस गीत के साथ मुझे जानी और अवि के साथ काम करने का मौका मिला तो इसकी भी मुझे बहुत खुशी हुई। सोनू सर इस समय पूरे राष्ट्र के हीरो बने हुए हैं। इसलिए, इस गीत के लिए वह बिल्कुल सही विकल्प थे। हमने बिना सोचे समझे उन्हें अपने साथ ले लिया।'
4 of 6
सोनू सूद
- फोटो : facebook/ActorSonuSood
सुनंदा को अपनी अलग एलबम 'जानी तेरा ना', 'मोरनी', 'सैंडल' जैसे गीतों के लिए जाना जाता है। वहीं, उन्होंने 'नवाबजादे', 'लुकाछिपी', 'जय मम्मी दी' जैसी हिंदी फिल्मों में 'तेरे नाल नचना', 'पोस्टर लगवा दो', 'मम्मी नू पसंद' जैसे गीत गाए हैं। उधर, सोनू सूद भी दो तेलुगु फिल्में 'अल्लुदु अधुर्स' और 'आचार्य', एक तमिल फिल्म 'तमिलारसन' और एक हिंदी फिल्म 'पृथ्वीराज' में इस साल नजर आएंगे।
5 of 6
सोनू सूद
- फोटो : facebook/ActorSonuSood
कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन ने जब पूरी दुनिया को थाम दिया और देश में प्रवासी मजदूर अपनी कर्मभूमि को छोड़कर अपने घरों की ओर जाने लगे तो चारों तरफ अव्यवस्था साफ देखी गई। ऐसे समय में मुंबई से अपने घरों को जा रहे प्रवासी मजदूरों को सहारा मिला सोनू सूद का। उन्होंने अपने खर्चे पर कई बसों की व्यवस्था करवाई और अलग-अलग जगहों से लोगों को अपने घरों तक सुरक्षित पहुंचाया।