कार्तिक आर्यन, सनी सिंह, नुसरत भरूचा की कॉमेडी फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने बॉक्सऑफिस पर तहलका मचा रखा है। ओपनिंग डे पर सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म अय्यारी को पीछे छोड़ते हुए करीब 6.5 करोड़ का बिजनेस किया था। अब इस फिल्म का वीकेंड कलेक्शन भी सामने आ गया है।
सोनू के टीटू की स्वीटी ने वीकेंड पर 26 करोड़ का कारोबार कर लिया है । फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इसकी जानकारी दी। तरन आदर्श ने ट्वीट कर लिखा कि हफ्ते के बाकी दिन भी फिल्म का शानदार सफर जारी रहने की उम्मीद है। लोगों को यह फिल्म काफी पसंद आ रही है।
सोनू के टीटू की स्वीटी ने भारतीय बाजार में शुक्रवार को 6.42 करोड़ का बिजनेस किया, शनिवार को 9.34 और रविवार को 10.81 करोड़ का कारोबार किया। बता दें कि 'प्यार का पंचनामा' फेम डायरेक्टर लव रंजन ने ही इस फिल्म को डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी ब्रोमांस और रोमांस के बीच झूलती है।
छोटी स्टारकास्ट और कम बजट में बनी यह फिल्म दर्शकों को काफी अच्छी लग रही है।ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने वीनिंग स्टार्ट किया है। 'पद्मावत' और 'पैडमैन' के बाद यह 2018 की तीसरी बेस्ट ओपनिंग फिल्म है।