दिवंगत अभिनेता व फिल्म निर्देशक सतीश कौशिक का जन्मदिन उनके सबसे करीबी रहे अनुपम खेर ने गुरुवार को मुंबई के इस्कॉन मंदिर में कौशिक की 10 साल की बेटी वंशिका के संग केक काटकर मनाया। इस दौरान बॉलीवुड के कई मशहूर गायकों ने सतीश कौशिक की याद में संगीतमय प्रस्तुति दी। इसी मौके पर सतीश कौशिक के लंगोटिया यार रहे अभिनेता अनिल कपूर अपने दोस्त को याद कर फूट फूटकर रोने लगे।
Satish Kaushik Birthday: इस फ्लॉप पर सुसाइड करने को तैयार थे सतीश कौशिक, लंगोटिया यार को याद कर रोए अनिल कपूर
अभिनेता अनुपम खेर ने अपने करीबी दोस्त रहे दिवंगत सतीश कौशिक का 67वां जन्मदिन जुहू के इस्कॉन मंदिर में मनाया। इस दौरान अनिल कपूर, शबाना आजमी, जावेद अख्तर, नादिरा बब्बर, जूही बब्बर, अनूप सोनी, नीना गुप्ता, शंकर महादेवन, उदित नारायण, साधना सरगम, तलत अजीज, अभिजीत, अनंग देसाई, विवेक अग्निहोत्री, सुभाष घई, करण राजदान, सुधीर मिश्रा, रमेश तौरानी, गणेश जैन, रूमी जाफरी, जॉनी लीवर जैसी हिंदी फिल्म जगत की तमाम हस्तियां शामिल रही और सतीश कौशिक के साथ बिताए अपने अपने अनुभव शेयर किए।
इसे भी पढ़ें- Mrs.Undercover Review: जी5 में अटकीं नेटफ्लिक्स से गिरी राधिका आप्टे, मिसेज अंडरकवर में महिला सशक्तिकरण का झोल
इस अवसर पर अनिल कपूर द्वारा बनाया गया एक वीडियो दिखाया गया जिसमें अनिल कपूर के साथ सतीश कौशिक के कई फिल्मों के यादगार सीन थे । इस वीडियो को दिखाए जाने के बाद जब अनुपम खेर में अनिल कपूर को सतीश कौशिक की याद में कुछ बोलने के लिए स्टेज पर बुलाया गया तो अनिल कपूर अपने सीट से उठकर स्टेज की तरफ बढ़ते समय ही इतने भावुक हो गए कि फूट फूट कर रो पड़े और वापस आकर अपने सीट पर बैठ गए। वह इतने भावुक नजर आए कि वह कुछ बोल नहीं पा रहे थे ।
दिवंगत सतीश कौशिक के जन्मदिन का इस तरह से आयोजन करने के पीछे वजह यह थी कि जिस तरह से सतीश कौशिक जिंदा दिल और खुश मिजाज इंसान रहे हैं, उसी तरह से मरणोपरांत भी उनका जन्मदिन उसी तरह से हंसी खुशी से मनाया जाए, जैसे वह अपना जन्मदिन पहले से मानते आए हैं। इस अवसर पर गायक शंकर महादेवन, अभिजीत, उदित नारायण, साधना सरगम ने सतीश कौशिक के पसंदीदा गीत स्टेज पर गए। बार- बार अनुपम खेर, अनिल कपूर से कह रहे थे कि आज कुछ तो सतीश कौशिक के बारे में उन्हें बोलना पड़ेगा।
बता दें कि जब सतीश कौशिक की मृत्यु हुई थी, उस समय अनिल कपूर विदेश में शूटिंग कर रहे थे, इसलिए वह न तो सतीश कौशिक के अंतिम संस्कार में और न ही उनकी प्रार्थना सभा में ही शामिल हो पाए थे। स्टेज पर जैसे ही एक सिंगर ने अनिल कपूर की फिल्म का गीत 'हवा हवाई गाया', अनिल कपूर स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगे। उन्होंने कहा, 'काफी देर से खुद को तैयार कर रहा था कि स्टेज पर सतीश के बारे में कुछ बोलूं। हमने एक साथ 17 फिल्में की है, इतने किस्से हैं कि पूरी किताब लिख सकते हैं। मुझसे और अनुपम खेर से भी वह बहुत अच्छे कलाकार थे। रोज सुबह उनका फोन आता था और मैं कभी कभी अनुपम खेर की उनसे बुराई भी करता था, लेकिन अब अनुपम खेर की बुराई किससे करूंगा। इतना कहकर वह फिर से भावुक हो गए।