बॉलीवुड की जानी-मानी कोरियोग्राफर रहीं सरोज खान की 22 नवंबर को बर्थ एनिवर्सरी होती है। उन्होंने अपने करियर में अपनी कोरियोग्राफी से तकरीबन 2000 गानों को सजाया था। माधुरी दीक्षित से लेकर रेखा और यहां तक कि अभिनेताओं को भी सरोज खान ने अपने डांस स्टेप्स पर नचाया था। बॉलीवुड में कई ऐसे शानदार गाने हैं, जो सरोज खान की कोरियोग्राफी के लिए आज भी मशहूर हैं। यहां तक कि माधुरी को धक धक गर्ल बनाने के श्रेय भी उन्हीं को दिया जाता है। तो चलिए बर्थ एनिवर्सरी के मौके पर जानते हैं सरोज खान की कोरियोग्राफी से सजे ऐसे ही बेहतरीन गानें।
प्रसिद्ध अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने अपने करियर में कई हिट डांस नंबर्स दिए हैं लेकिन उनके डांसिंग स्टार बनाने में सरोज खान का भी काफी योगदान रहा। सरोज खान द्वारा कोरियोग्राफ किया गया गाना 'चने के खेत में' खूब पसंद किया जाता है। इसके अलावा फिल्म तेजाब का गाना 'एक दो तीन' भी काफी हिट सॉन्ग है, जो सरोज खान द्वारा कोरियोग्राफ किया गया है। इसके अलावा भी सरोज खान ने फिल्म थानेदार में तम्मा तम्मा लोगे, फिल्म बेटा में धक धक करने लगा और फिल्म देवदास में मार डाला..उनके माधुरी दीक्षित पर फिल्माए गए सुपर डुपर हिट गीतों को कोरियोग्राफ किया।
सरोज खान का नाम हिंदी सिनेमा में बहुत ही आदर के साथ लिया जाता है। उनसे जुड़े ऐसे कई किस्से हैं जो आज भी याद किए जाते हैं। जब वी नेट का गाना इश्क हाय खूब मशहूर है और इसके लिए सरोज खान को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला था। इसके अलावा देवदास फिल्म का गाना 'डोला डोला रे डोला' के हुक स्टेप तो सभी को हमेशा याद रहते हैं। इस गाने की कोरियोग्राफी के लिए भी सरोज खान को नेशनल फिल्म अवार्ड मिला था।
सरोज खान ने अपने करियर में अलग-अलग कलाकारों के साथ तमाम कालजयी नृत्य गीत तैयार किए। जिनमें से फिल्म चांदनी का गाना 'मेरे हाथों में नौ नौ चूड़ियां हैं' के डांस स्टेप्स को आज भी बहुत पसंद किया जाता है।
सरोज खान ने 10 साल की उम्र से सिनेमा में काम करना शुरू कर दिया था और फिल्मों में अपना करियर उन्होंने ग्रुप डांसर के तौर पर शुरू किया। उनके गानों में फिल्म 'दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का गाना मेहंदी लगाकर रखना के डांस स्टेप्स को शादियों में आज भी खूब किया जाता है।