फिल्म 'पद्मावत' शूटिंग से रिलीज होने तक विवादों में घिरी रही। करणी सेना ने फिल्म भारत के किसी भी राज्य में रिलीज ना होने की धमकी भी दी थी। अब एक चौंकाने वाली खबर आ रही है कि फिल्म को इस शुक्रवार गुजरात में रिलीज कर दिया जाएगा।
इस खबर को वायाकॉम ने वेरीफाई किया है। फिल्म की रिलीज के लिए बीते दिन सरकार और मल्टीप्लेक्स के मालिको के साथ मीटिंग हुई जहां पर इसकी रिलीज को मंजूरी दे दी गई है। फिल्म जल्द ही गुजरात के दर्शकों के लिए रिलीज होगी। लेकिन अभी भी यह साफ नहीं है कि सिनेमाघर मालिक फिल्म को दिखाएंगे या नहीं।
बता दें कि फिल्म की रिलीज डेट नजदीक आते ही फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली की मुसीबतें बढ़ती जा रही थी। भंसाली ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और सुनवाई हुई। इसके पहले भी फिल्म के लिए इतिहासकारों और रजवाड़ों का एक पैनल बनाया गया था जिसमें सेंसर बोर्ड के मेंबर भी शामिल थे।
देखते ही देखते पद्मावत को हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान में बैन कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि फिल्म सभी राज्यों में रिलीज होनी चाहिए। फिर भी गुजरात में सिनेमाघरों के मालिकों ने फिल्म रिलीज करने से मना कर दिया था।