बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सुनील दत्त ने एक से बढ़कर एक फिल्मों में अपने अभिनय से फैंस को अपना दीवाना बना दिया था। भले ही आज सुनील दत्त इस दुनिया में ना हों लेकिन उनके चाहने वाले आज भी बरकरार हैं। सुनील दत्त ने आज के ही दिन 25 मई 2005 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। अपने पिता की पुण्यतिथि के दिन संजय दत्त ने एक भावुक कर देने वाला पोस्ट साझा किया है। संजय दत्त भी फिल्म इंडस्ट्री के उन सितारों में से हैं जो अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। संजय का जीवन भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा है। देखा जाए तो उनकी लाइफ में रोमांस, ड्रामा, एक्शन, इमोशन हर चीज आपको देखने को मिलेगी। संजय आज जिस मुकाम पर हैं वहां तक पहुंचाने में उनके माता-पिता का बहुत बड़ा योगदान रहा है। वह दोनों के ही बेहद करीब थे। मां को खोने के बाद संजय के लिए उनके पिता को खोने का दर्द काफी बड़ा था।
सुनील दत्त: पिता की पुण्यतिथि पर भावुक हुए संजय दत्त, लिखा- आप मेरे लिए सबकुछ हो
संजय दत्त ने अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर अकाउंट पर पिता सुनील दत्त संग अपनी एक अनदेखी तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में संजय दत्त काफी यंग नजर आ रहे हैं। वहीं सुनील दत्त भी काफी फिट एंड हैंडसम दिख रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करने के साथ ही संजय ने एक इमोशनल कैप्शन भी लिखा है।
संजय अपने पिता को याद करते हुए लिखते हैं, 'एक माता-पिता, एक आदर्श, एक दोस्त, एक गुरु, आप मेरे लिए सब कुछ थे। लव यू पापा, मिस यू।' यह तस्वीर दोनों के रिश्ते को बखूबी बयां कर रही है। साथ ही इस तस्वीर पर फैंस भी जमकर प्यार लुटा रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।'
बता दें कि सुनील दत्त का निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था। निधन से महज 12 दिन बाद ही 6 जून को उनका 76वां जन्मदिन था। सुनील आखिरी बार मुन्ना भाई एमबीबीएस में नजर आए थे। भले ही आज सुनील हमारे बीच ना हों लेकिन उनसे जुड़े हर मौके पर फैंस उनको दिल से याद करते हैं।
इससे पहले संजय दत्त भी संजय ने अपनी मां और अभिनेत्री नरगिस दत्त की पुण्यतिथि पर एक तस्वीर शेयर की थी। संजय अपनी मां नरगिस के बेहद करीब थे। वो उनके साथ हर छोटी- बड़ी बात साझा किया करते थे। अपनी मां का दुनिया को अलविदा कह देना भी संजय के लिए बेहद दुखद रहा। वो हर खास मौके पर अपनी को याद करते हैं।