भारत,
पाकिस्तान के बाद बॉलीवुड के 'दबंग खान' यानि
सलमान खान की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ने चीन में भी धमाल मचा रखा है। इस फिल्म को चीन में काफी पसंद किया जा रहा है। ‘बजरंगी भाईजान’ने दो ही दिन में जबरदस्त कमाई की है।
फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ को चीन में ‘लिटिल लोलिका मंकी गॉड अंकल’ के नाम से रिलीज किया गया है। यह फिल्म चीन में 2 मार्च को रिलीज की गई। वहां के दर्शकों को सलमान की फिल्म काफी पसंद आ रही है। ‘बजरंगी भाईजान’ के कलेक्शन की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए दी है।
बाला ट्ववीट के अनुसार कि फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ ने अपने पहले दिन 2.21 मिलियन डॉलर की शानदार कमाई की। वहीं दूसरे दिन इस फिल्म का कलेक्शन 2.86 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया। रुपए में बात करें तो इस फिल्म ने दो ही दिन में 33 करोड़ 38 लाख रुपए कमा लिए हैं।
चीन की कमाई के बाद ‘बजरंगी भाईजान’ की कुल कमाई अब 659.38 करोड़ रुपए हो गई है। खास बात यह है कि चीन में रिलीज होने वाली सलमान खान की पहली फिल्म है। इस फिल्म को चीन में चाइनीज लैंटर्न फेस्टिवल के खास मौके पर रिलीज किया गया।
पता हो कि कबीर खान द्वारा निर्देशन फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ भारत में 17 जुलाई 2015 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सलमान के अलावा करीना कपूर, नवाजुद्दीन सिद्दकी और हर्षाली मल्होत्रा भी थे। इस फिल्म को पाकिस्तान में भी ज्यादा पसंद किया गया।