महज 16 साल की उम्र में सिनेमा जगत में कदम रखने वाली दिव्या भारती हम लोगों के बीच नहीं हैं लेकिन अभिनेत्री की चर्चा आज भी अक्सर होती है। दिव्या भारती ने इस इंडस्ट्री को कई हिट फिल्में दीं लेकिन अभिनेत्री अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से भी लाइमलाइट में रहती थीं। दिव्या भारती ने छोटी उम्र में ही निर्माता-निर्देशक साजिद नाडियाडवाला संग शादी रचाई थी। दोनों ने दुनिया की नजरों से छिपकर 10 मई 1992 को शादी की थी। आज दिव्या भारती और साजिद नाडियाडवाला की वेडिंग एनिवर्सरी है। इस खास मौके पर हम आपको दोनों की लव स्टोरी के बारे में बताते हैं।
सालगिरह: करियर बर्बाद होने के डर से दिव्या भारती-साजिद ने छिपकर रचाई थी शादी, 11 महीने बाद लगा था पत्नी की हत्या का आरोप
कैसे हुई दिव्या भारती और साजिद नाडियाडवाला की मुलाकात
दिव्या भारती ने अपने करियर की शुरुआत तेलुगू फिल्म 'बोब्बिली राजा' से की थी। इसके बाद ही अभिनेत्री को बॉलीवुड से ऑफर मिलने लगे और वह बॉलीवुड में आ गईं। दिव्या भारती जब अपनी फिल्म 'शोला और शबनम' की शूटिंग कर रही थीं तब उनकी और साजिद की पहली मुलाकात हुई थी। दोनों की मुलाकात गोविंद ने फिल्म के सेट पर ही करवाई थी। कहा जाता है कि साजिद अक्सर दिव्या भारती से मिलने फिल्म के सेट पर आते थे और ऐसे ही धीरे-धीरे दोनों की लव स्टोरी भी शुरू हो गई।
दुनिया से छिपकर की थी शादी
दिव्या भारती और साजिद ने रिलेशनशिप में आने के बाद कम समय में ही शादी करने का फैसला कर लिया था और साजिद से शादी करने के लिए दिव्या भारती ने अपना धर्म तक बदला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेत्री ने इस्लाम अपनाकर अपना नाम दिव्या से 'सना' कर दिया था। इसके बाद ही दिव्या भारती और साजिद नाडियाडवाला ने सबसे छिपकर शादी रचाई थी। शुरुआती दिनों में दिव्या और साजिद ने अपनी शादी सबसे छिपाकर रखी थी।
इसकी वजह खुद साजिद ने एक इंटरव्यू में बताई थी। उन्होंने कहा था, 'हमनें शादी की बात इसलिए छिपाई थी क्योंकि दिव्या का करियर दांव पर लगा था। लेकिन दिव्या हमेशा से ही दुनिया को हमारी शादी के बारे में बताना चाहती थीं। मैं बार-बार उसे ऐसा करने से मना करता था। लेकिन अब मुझे लगता है कि मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था।'
शादी के कुछ समय बाद हुई मौत
दिव्या भारती ने जब इस दुनिया को अलविदा कहा था तब अभिनेत्री महज 19 साल की थीं। उस वक्त तक दिव्या भारती और साजिद नाडियाडवाला की शादी को महज 11 महीने हुए थे। दोनों का साथ सिर्फ 11 महीने तक ही रहा। दिव्या भारती की अचानक हुई मौत ने सेलेब्स से लेकर फैंस तक को हैरानी में डाल दिया था। पांचवीं मंजिल पर स्थित घर की बालकनी से गिरने की वजह से दिव्या भारती की मौत हो गई थी। कई लोगों ने इस हादसे को मर्डर का नाम भी दिया था। दिव्या भारती के जाने के बाद साजिद नाडियाडवाला से वर्धा खान को जीवनसाथी चुना। दोनों ने साल 2000 में शादी कर ली थी।
दिव्या भारती का करियर
दिव्या भारती ने फिल्मी दुनिया में काफी कम समय में सफलता हासिल कर ली थी। फिल्म 'विश्वात्मा' ने दिव्या भारती के करियर को ऊंचाईयों पर ले जाने का काम किया। इस फिल्म के गाने 'सात समुंदर पार में तेरे' ने फैंस के बीच धमाल मचा दिया। इसके बाद दिव्या भारती ने महज तीन साल के करियर में कई हिट फिल्में दीं , जिसमें 'शोला शबनम', 'दीवाना' जैसी फिल्में शामिल हैं।