Saira Banu: 100वें जन्मदिन पर दिलीप कुमार का पोस्टर देख भावुक हुईं सायरा बानो, रोक नहीं पाईं आंसू
दिलीप कुमार के 100वें जन्मदिन पर 'हीरो ऑफ हीरोज' फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया है। इवेंट में लगे दिलीप साहब के पोस्टर को देखकर उनकी पत्नी अभिनेत्री सायरा बानो की आंखे नम हो गईं।
विस्तार
दिलीप कुमार साहब और सायरा बानो हिंदी सिनेमा के सबसे आदर्श और प्रेरणादायी दंपति रहे हैं। उनका प्यार किसी भी शब्दों के बंधन से परे है। 12 साल की उम्र से सायरा बानो ने दिलीप साहब को ऐसा देखा कि बस उनकी ही होकर रह गईं और आज भी वह उन्हें याद कर भावुक हो जाती हैं। दिलीप कुमार की 100वीं बर्थ एनिवर्सरी पर 'हीरो ऑफ हीरोज' फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया है और अभिनेत्री सायरा ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की और एक बार फिर से दिलीप कुमार का पोस्टर देखते ही उनकी आखें नम हो गईं।
दिलीप कुमार की फिल्मों की हुई दोबारा स्क्रीनिंग
11 दिसंबर को दिलीप कुमार की 100वां मनाया जाएगा। इस मौके पर हेरटेज फाउंडेशन की ओर से फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया गया है, जिसमें दिलीप साहब की फिल्मों की दोबारा से स्क्रीनिंग हुई। इस इवेंट में वहीदा रहमान, आशा पारेख, फरीदा जलाल जैसे कई दिग्गज कलाकार शामिल हुए, लेकिन पत्नी सायरा की नजरे तो बस दिलीप कुमार के पोस्टर पर टिक गईं।
आंखों से छलक आए आंसू
वायरल भयानी पेज से साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि सायरा बानो इवेंट में आने के बाद पहले तो दिलीप साहब के पोस्टर को देखती हैं और उसके बाद वह उन्हें छूकर जैसे महसूस करने की कोशिश करती हैं। इस दौरान वह अपनी भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर पाईं और उनकी आंखों से आंसू छलक आए।
सोशल मीडिया पर यूजर्स भी अपनी भावुक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक प्रशंसक ने लिखा- शायद ही किसी ने इतनी मोहब्बत की होगी, वहीं दूसरे ने लिखा- सच्चा प्यार लफ्जों में बयां नहीं होता हर अनकही बात में झलक जाता है। एक अन्य ने लिखा, इसे कहते हैं सच्चा प्यार। बाकी भी इसी तरह से अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं।