फिल्मी दुनिया के कई सितारे हैं जो गरीब-अनाथ बच्चों और जानवरों का हित चाहने वाले संगठनों से जुड़े रहते हैं। वे न केवल इन सगठनों से जुड़े रहते हैं, बल्कि समय-समय पर इन बच्चों और जानवरों के लिए बचाव अभियानों, याचिकाओं और उनके हित से जुड़े कार्यों में शामिल भी होते रहते हैं। ऐसी ही एक अदाकारा हैं ऋचा चड्ढा जो काफी समय से जानवरों के हित में काम करने वाले संगठन पेटा से जुड़ी हुई हैं।
कुछ समय पहले ऋचा ने एक हाथी के बचाव के लिए याचिका दायर की थी। इस हाथी का नाम सुंदर है जिसे कोल्हापुर के एक मंदिर में वहां के लोगों ने कैद कर रखा था। वहां के स्थानीय लोग उस हाथी के साथ दुर्व्यवहार किया करते थे। ऋचा और उनके साथियों की ये मुहिम अब रंग लाई है। वन विभाग के दखल के बाद सुंदर नाम के इस हाथी को गुलामी से मुक्ति मिल गई और उसे जंगलों में सही सलामत छोड़ दिया गया है।
इस बारे में ऋचा कहती हैं, “सुंदर की रिहाई की अपील करते हुए पेटा द्वारा याचिका दायर की गई थी। मेरे साथ अन्य लोगों के प्रयासों से ही यह फर्क पड़ा है। अपने प्रभाव का उपयोग किसी अच्छे काम के लिए करने से ज्यादा मुझे किसी और बात से खुशी नहीं मिलती है। मैं जानवरों के अधिकारों और पर्यावरण के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित हूं।
यह मेरे जीवन के प्रत्येक पहलू को प्रभावित करता है जिसमें शाकाहारी बनने की मेरी पसंद और मेरे हाथों में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी शामिल हैं।” ऋचा इन दिनों कई फिल्मो पर एक साथ पर काम कर रही हैं। इनमें सबसे पहले बॉयोपिक शकीला है, जिसमे वह एडल्ट स्टार शकीला की भूमिका निभा रही हैं। वहीं इसके अलावा ऋचा घूमकेतु, अभी तो पार्टी शुरू हुई है, पंगा, भोली पंजाबन और सेक्शन 375 : मर्जी या जबरदस्ती में व्यस्त हैं।