अपने बेहतरीन निर्देशन से दर्शकों के दिलों को जीतने वाले डायरेक्टर राजकुमार हिरानी इन दिनों अपनी फिल्म 'संजू' के प्रमोशन में लगे हुए हैं। यह फिल्म राजकुमार हिरानी के दोस्त बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त की बायोपिक है। वह जल्द ही 'मुन्ना भाई' का तीसरा सीक्वल भी लाने को तैयार हैं। 'मुन्ना भाई' के सीक्वल के बाद राजकुमार हिरानी ने एक और बड़ी फिल्म के सीक्वल का खुलासा कर दिया है।
अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट डीएनए की खबर के मुताबिक राजकुमार हिरानी अपनी बहुचर्चित फिल्म '3 इडियट्स' का भी सीक्वल लेकर आने वाले हैं। साल 2009 में आई आमिर खान, शरमन जोशी और आर माधवन स्टारर फिल्म '3 इडियट्स' का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था। इस फिल्म ने भारत में ही नहीं बल्कि चीन में भी दर्शकों के दिलों को जीता।
अब डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने 'संजू' के प्रमोशन के दौरान खुलासा किया है कि '3 इडियट्स' का सीक्वल जल्द ही आएगा। इसकी कहानी पर काम चल रहा है। वहीं '3 इडियट्स' के एक्टर आमिर खान भी इस फिल्म के सीक्वल को लेकर कई बार कह चुके हैं कि '3 इडियट्स' के सीक्वल के लिए राजकुमार हिरानी एक अच्छी कहानी की तलाश कर रहे हैं।
'3 इडियट्स' के अलावा राजकुमार हिरानी ने संजय दत्त अभिनीत फिल्म 'मुन्ना भाई' की भी तीसरा सीक्वल बना रहे हैं। बीतो दिनों इस फिल्म के सीक्वल को लेकर भी उन्होंने खुलासा किया था। पता हो कि 'मुन्ना भाई' के अब तक दो सीक्वल बन चुके हैं जो सुपरहिट रहे। फिल्म 'मुन्ना भाई MBBS' साल 2003 और 'लगे रहो मुन्ना भाई' 2006 में आई थी।
बात करें राजकुमार हिरानी की फिल्म 'संजू' की तो यह फिल्म एक्टर संजय दत्त की जिंदगी पर आधारित है। इस फिल्म में रणबीर कपूर संजय दत्त की भूमिका में हैं। फिल्म के अब तक कई ट्रेलर और पोस्टर रिलीज हो चुके हैं जिसको दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। यह फिल्म 29 जून 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।