हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना ने बॉलीवुड में लगातार 15 हिट फिल्मों का जो रिकॉर्ड बनाया है उसे कोई एक्टर आज तक तोड़ नहीं पाया। एक वो जमाना था जब लड़कियां राजेश खन्ना पर मरती थीं और प्रोड्यूसर उन्हें अपनी फिल्म में लेने के लिए लंबी चौड़ी लाइन लगाते थे। हालांकि हर किसी की जिंदगी में उतार चढ़ाव दोनों आते हैं और ये दौर राजेश खन्ना की जिंदगी में भी आया जब उनकी 7 फिल्में लगातार फ्लॉप हो गईं। वो वक्त राजेश खन्ना के जिंदगी का सबसे कठिन दौर था।
बात है साल 1976 की जब राजेश खन्ना की फिल्म 'महाचोर' बुरी तरह फ्लॉप हो गई। ये राजेश खन्ना के करियर का सबसे खराब समय था। पर्दे पर उनकी फिल्म फ्लॉप होना शुरू हो चुकी थी साथ ही घर में डिंपल के साथ उनके संबंध अच्छे नहीं चल रहे थे। 'महाचोर' के बाद उनकी अगली फिल्म रिलीज हुई 'बंडलबाज' जो बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन करने के चलते औंधे मुंह गिर पड़ी। राजेश खन्ना जिन्हें हिट फिल्मों की आदत लगी थी उनसे ये फ्लॉप फिल्मो का गम बर्दाश्त नहीं हो रहा था।
दूसरी तरफ उनकी फिल्मों को टक्कर देने के लिए अमिताभ बच्चन बॉलीवुड में उतर चुके थे। पर्दे पर लंबी चौड़ी कद काठी वाला एक एक्टर जिसके चेहरे पर मुस्कान कम और गुस्सा ज्यादा था वो जब दर्शकों के सामने आया तो इस नए अवतार को फैंस ने बहुत पसंद किया। अमिताभ बच्चन के एंग्री यंग मैन वाले लुक ने फिल्म इंडस्ट्री में नयापन लाया था जिसे दर्शकों ने सराहा। उनकी फिल्में हिट होने लगी थीं और 1975 में आई 'शोले' ने सफलता के नए कीर्तिमान गढ़ दिए थे।
4 of 6
राजेश खन्ना, हेमा मालिनी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
एक तरफ अमिताभ हिट होते जा रहे थे, दूसर तरफ राजेश खन्ना की फिल्में फ्लॉप होने लगी थी। हालांकि राजेश को अभी भी अपनी रोमांटिक छवि पर भरोसा था। दो फिल्मों के फ्लॉप होने के बाद राजेश खन्ना को फिल्म 'महबूबा' से बहुत उम्मीदें थी, क्योंकि शक्ति सामंत के साथ उनकी पिछली 3 फिल्में हिट थी। ऐसे मे उन्हें यकीन था कि ये फिल्म चलेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। शुरू में फिल्म को थोड़े दर्शक मिले भी, लेकिन धीरे धीरे वो भी दूर हो गए।
इसके बाद राजेश खन्ना की अगली 5 फिल्में भी जबरदस्त फ्लॉप हुईं और उन्हें गहरा सदमा लग गया। फ्लॉप का गम भुलाने के लिए राजेश नशे में डूबने लगे। बताया जाता है कि एक रात राजेश खन्ना गम में डूबे देर रात तक शराब पी रहे थे। हर दिन की तरह काका को छोड़कर उनकी पत्नी डिंपल और स्टॉफ सोने चले गए। उस रात बारिश हो रही थी और सभी गहरी नींद में थे तभी अचानक राजेश खन्ना के जोर जोर से चीखने और रोने की आवाज आई। राजेश की चीख सुनकर जब डिंपल और घर का स्टॉफ टैरेस पर पहुंचा तो देखा काका जोर जोर से रो रहे थे। उस मंजर को देखकर डिंपल भी काफी डर गई थी।