प्रिया प्रकाश वारियर ने एक आंख मारकर लाखों दिलों को घायल लिया और रातों रात पॉपुलर हो गईं। प्रिया की डेब्यू फिल्म 'ओरू अदार लव' का गाना Manikya Malaraya Poovi लोगों की जुबान पर चढ़ गया। गाने को पॉपुलैरिटी मिली तो यह कानूनी पचड़े में फंस गया।
हैदराबाद के मुस्लिम यूथ ने प्रिया प्रकाश और गाने के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में फिल्म के मेकर उमर लूलू और प्रिया प्रकाश पर मुस्लिमों की भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है। शिकायत में कहा गया कि गाने को अंग्रेजी में अनुवाद करेंगे तो वो मुस्लिमों के पैगंबर की बेइज्जती करता हुआ प्रतीत होता है।
विवाद बढ़ा तो गाने के कंपोजर शान रहमान सामने आए और कहा, 'फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं है कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाए। हमें फैंस का बहुत सपोर्ट मिल रहा है। अगर किसी को इससे आपत्ति है तो हम केस लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। फिल्म और गाने से कोई भी सीन नहीं हटाया जाएगा।'
बता दें कि हैदराबाद के अदनान कमर नाम के एक शख्स ने फेसबुक लाइव में बताया कि लड़की के एक्सप्रेशन गाने के लिरिक्स की बेइज्जती कर रहे हैं। अदनान ने गाने का इंग्लिश ट्रांसलेशन भी शेयर किया। मुस्लिम समुदाय को प्रिया प्रकाश के एक्सप्रेशन और गाने के लिरिक्स को लेकर आपत्ति है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
इसके अलावा FIR लिखवाने वाले शख्स मोहम्मद अब्दुल ने कहा कि उन्हें प्रिया प्रकाश के फिल्मों में काम करने से कोई आपत्ति नहीं है। फिल्म के डायरेक्टर उमर लूलू हैं। फिल्म में स्कूल रोमांस दिखाया गया है। फिल्म में 5 हीरोइन और हीरो हैं।