सलमान के फैंस उन्हें चुलबुल पांडे के रूप में फिर से देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 'दबंग' सीरीज की तीसरी फिल्म में एक बार फिर सलमान पुलिस अफसर बने नजर आएंगे। फिल्म से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी साल मई से फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।
सलमान खान की पिछली दोनों 'दबंग' को उनके भाई अरबाज खान ने डायरेक्ट किया था लेकिन इस बार वह इस फिल्म को डायरेक्ट नहीं करेंगे। खबरें आ रही हैं कि प्रभुदेवा तीसरी फिल्म के निर्देशक होंगे। अभी तक फिल्म की टीम की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया है लेकिन फिल्म क्रिटिक श्रीधर पिल्लई ने ट्वीट कर बताया कि, 'यह कंफर्म है कि प्रभुदेवा ही इस फिल्म को निर्देशित करेंगे। फिल्म में सलमान के साथ सोनाक्षी सिन्हा होंगी।'
बता दें कि, प्रभुदेवा ने साल 2009 में सलमान खान को फिल्म 'वांटेड' में डायरेक्ट किया था और उसी फिल्म के बाद से सलमान खान की किस्मत ने ऐसी करवट ली कि उसके बाद से वह सफलता की सीढ़ी चढ़ते ही गए। एक इंटरव्यू में प्रभुदेवा ने कहा कि, पिछले हफ्ते उन्होंने मुंबई आकर सारी डिटेल्स तय कर ली है। सलमान और अरबाज को भला कौन ना कह सकता है। उनके साथ पुराना दोस्ताना है। ऐसा नहीं है कि 'वांटेड' ने उनकी जिंदगी बदल दी। सुपरस्टार्स की जिंदगी में उतार चढ़ाव आते रहते हैं। सलमान को हिट और फ्लॉप से कोई फर्क नहीं पड़ता।
निर्देशक बदलने के संकेत सलमान खान ने कुछ दिनों पहले ही दे दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'दबंग 3' की शूटिंग मई में शुरू होगी जबकि अक्टूबर तक फिल्म को खत्म करने का प्लान है।