कटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी और दोनों का हनीमून पूरा होने के बाद कटरीना कैफ जिस नई फिल्म पर सबसे पहले काम शुरू करने की हामी भर चुकी हैं, वह फिल्म होगी साउथ के सुपरस्टार विजय सेतुपति के साथ बनने जा रही उनकी फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’। फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ का पहला शेड्यूल इसी साल अप्रैल के आसपास पुणे में शुरू होने वाला था लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के बाद इसकी सारी प्लानिंग रद्द करनी पड़ी। उसके बाद अब जाकर कटरीना कैफ और विजय सेतुपति की तारीखों का पहला मिलान हो पाया है। सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग क्रिसमस के आसपास ही मुंबई में होने वाली है। शेड्यूल ज्यादा लंबा नहीं होगा, लेकिन इस शेड्यूल के साथ ही फिल्म का श्रीगणेश हो जाएगा।
2 of 5
कटरीना कैफ
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
पहले सारेगामा म्यूजिक और उसके बाद टी सीरीज को अव्वल नंबर की कुर्सी के हटाकर बीती सदी के आखिरी दशक की नंबर वन म्यूजिक कंपनी रही टिप्स का फिल्म निर्माण में इसी दशक से दखल रहा है। टिप्स ने फिल्म निर्माण की शुरुआत साल 1996 में संजय कपूर की फ्लॉप फिल्म ‘बेकाबू’ से की थी, जिसकी हीरोइन ममता कुलकर्णी के अंडरवर्ल्ड से रिश्तों के चर्चे अब तक हो रहे हैं। टिप्स की अगली दोनों फिल्में सलमान खान के साथ बनी। सलमान और ट्विंकल खन्ना की फिल्म ‘जब प्यार किसी से होता है’ से ही टिप्स की फिल्म निर्माण की गाड़ी चल पड़ी थी। लेकिन, बीते पांच छह साल से टिप्स का हाल बेहाल ही रहा है।
3 of 5
कटरीना कैफ
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
टिप्स को कटरीना कैफ और विजय सेतुपति की फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ से अपना फिल्ममेकिंग कारोबार फिर से सुधरने की पूरी उम्मीद नजर आ रही है। निर्देशक श्रीराम राघवन की कप्तानी में बनने जा रही इस फिल्म के चर्चे उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक हैं और टिप्स की तैयारी इस फिल्म को हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज करने की बताई जाती है। श्रीराम राघवन की भी ये पहली पैन इंडियन फिल्म होगी। उनकी पिछली फिल्म ‘अंधाधुन’ के तमिल और तेलुगू रीमेक भी इन दिनों काफी चर्चा में हैं।
4 of 5
श्रीराम राघवन
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘अंधाधुन’ के तुरंत बाद श्रीराम राघवन की अगली फिल्म परमवीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल की कहानी पर निर्माता दिनेश विजन के साथ बननी थी। लेकिन, वरुण धवन ने फिल्म ‘बदलापुर’ के बाद जो व्यवहार फिल्म ‘अंधाधुन’ के लिए श्रीराम राघवन के साथ किया था, वह श्रीराम के करीबी भी अब तक नहीं भूले हैं। ‘इक्कीस’ नाम से प्रस्तावित इस फिल्म के लिए वरुण ने कभी अपना शरीर फौजियों जैसा बनाने की मेहनत नहीं की और बिना इस मेहनत के श्रीराम ने ये फिल्म कभी शुरू करने की योजना बनाई नहीं। बताते यही हैं कि वरुण धवन की फिल्म ‘इक्कीस’ की तारीखें ही निर्माता दिनेश विजन ने अपनी हॉरर यूनीवर्स फिल्म ‘भेड़िया’ के लिए इस्तेमाल कर ली हैं।
5 of 5
Sanjay Routray of Matchbox Pictures with Jigna Vora, Sriram Raghavan and S Husssain Zaidi
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ की कहानी के बारे में इसके निर्देशक श्रीराम राघवन ने खास खुलासा अब तक नहीं किया हैं। फिल्म पर वह और एडीटर पूजा लाढा सुरती अरसे से काम करते रहे हैं। हिंदी फिल्म जगत में इस फिल्म को लेकर काफी सरगर्मियां हैं और तमाम फिल्म वितरक और प्रदर्शक भी लगातार फिल्म के निर्माता रमेश तौरानी से इस बारे में पूछताछ करते रहे हैं। माना जा रहा है कि ये फिल्म अगले साल क्रिसमस के आसपास ही रिलीज होगी। अगले साल 23 दिसंबर की तारीख फिलहाल रमेश तौरानी के पुराने दोस्त वाशू भगनानी ने अपनी फिल्म ‘गणपत’ के लिए बुक कर रखी है।