अपनी एक्टिंग से लाखों दर्शकों के दिलों को जीतने के बाद नेता बने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन.टी रामा राव की बायोपिक लंबे समय से सुर्खियों में है। उनकी इस बायोपिक में बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस विद्या बालन से लेकर रकुल प्रीत जैसी कलाकार नजर आने वाले हैं। एन.टी रामा राव की बायोपिक का नाम भी एन.टी.आर है। इस फिल्म में बाहुबली फिल्म में भल्लालदेव का किरदार करने वाले राणा दग्गुबाती भी मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म एन.टी.आर की चर्चा के बीच इसका पहला पोस्टर रिलीज हो गया है। पोस्टर में राणा दग्गुबाती नजर आ रहे हैं। मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो इस फिल्म में राणा दग्गुबाती आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अपने इस लुक को राणा दग्गुबाती ने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर किया है। ट्वीट के जरिए उन्होंने अपने किरदार का भी खुलासा किया है।
वहीं फिल्म एन.टी.आर के अलावा अन्य किरदार की बात करें तो सुपरस्टार एन.टी. रामा राव की बायोपिक में विद्या बालन उनकी पहली पत्नी बसवताराकम नंदमुरी का किरदार निभाएंगी। जबकि नंदमुरी बालकृष्ण एन.टी रामा राव के रोल में नजर आएंगे। वहीं पता हो कि एन.टी रामा राव बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी अच्छी दोस्त थे। इसलिए रामा राव की बायोपिक में श्रीदेवी के हिस्से को भी दिखाया जाएगा। इसमें श्रीदेवी के किरदार को एक्ट्रेस रकुल प्रीत निभाएंगी।
बात करें एन.टी रामा राव की बायोपिक के बजट की तो यह फिल्म सिर्फ 50 करोड़ रुपये में बनेगी। यह नंदमुरी बालकृष्ण की अब तक की तेलगू फिल्मों में से सबसे महंगी फिल्म होगी। मेकर्स इस फिल्म को 2019 के संक्रांति तक रिलीज करने के बारे में बात कर रहे हैं। नंदमुरी ही इस फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं।