दिवाली 2026 पर फिल्म ‘रामायण’ रिलीज होगी। गुरुवार को इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था। कई कलाकार इसके ट्रेलर पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। टीवी पर श्रीकृष्ण की भूमिका से प्रसिद्ध हुए नीतीश भारद्वाज ने भी इस फिल्म के ट्रेलर को पसंद किया और इसे ऑस्कर जीतने वाली फिल्म बता दिया है। साथ ही एक हिदायत भी अभिनेता रणबीर कपूर को दे दी।
फिल्म ‘रामायण’ को कई मायनों में बताया शानदार
अपने इंस्टाग्राम पेज पर नीतीश भारद्वाज ने लिखा, ‘रामायण ट्रेलर पर मेरी राय। बेस्ट फॉरेन फिल्म के लिए 100 प्रतिशत ऑस्कर मिलेगा। बहुत-बहुत बधाई।’
वह आगे लिखते हैं, ‘सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद नितेश तिवारी वर्ल्ड सिनेमा के लिए भारत का अगला तोहफा हैं। प्रोडक्शन डिजाइन और डीओपी के लिए ढेर सारे अवॉर्ड्स मिलेंगे। वीएफएक्स और एआई का इस्तेमाल करके शानदार फिल्म का क्रिएशन किया गया है। भारतीय सिनेमा के साथ काम करने के लिए महान म्यूजिक मेस्ट्रो हंस जिमर का शुक्रिया। रणबीर अब रणवीर के साथ मिलकर अगले दो अजेय धुरंधर बन गए हैं। यश, ग्लोबल सिनेमा में आपका स्वागत है।’
2 of 2
फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर
- फोटो : Youtube @worldoframayana
रणबीर कपूर को दी जरूरी हिदायत
अपनी पोस्ट में नीतीश भारद्वाज रणबीर के लिए एक खास बात लिखते हैं, ‘आरके एक एक्टर के तौर पर मैंने हमेशा आपको पसंद किया है, लेकिन अब भारत की विरासत, मूल्यों, संस्कृति और संस्कारों को बनाए रखने की आपकी सामाजिक जिम्मेदारी शुरू होती है। इसलिए अब 'एनिमल' जैसी फिल्में न करें। भले ही आपको ज्यादा पैसे का ऑफर किया जाए। कृपया, अपनी वाणी को और दूषित न करें। भारत के पास आपकी एक्टिंग की काबिलियत को संतुष्ट करने के लिए काफी कहानियां हैं। मुझे बस उम्मीद है कि भारतीय दर्शक साई पल्लवी को सीता के रूप में स्वीकार करेंगे और मैं फिल्म में कहीं मृदंगम और मंजीरे की आवाज के बीच तुलसीदास जी की चौपाइयां भी सुन सकूंगा। हर भारतीय की आत्मा में इस महाकाव्य की यही आवाज बसी है। नितेश तिवारी की इस शानदार फिल्म को बनाने की मेहनत के सम्मान में मैं 'रामायण' को कम से कम 5 बार देखना चाहूंगा।’
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
‘रामायण’ फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा अरुण गोविल, साई पल्लवी, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत, रवि दुबे, यश, फैसल खान जैसे उम्दा कलाकार नजर आएंगे। रावण का किरदार यश निभा रहे हैं। इस फिल्म के ट्रेलर को देखकर दर्शकों ने वीएफएक्स की जमकर तारीफ की है।