बीते जमाने की जानी-मानी अभिनेत्री नरगिस दत्त को कौन नहीं जानता। वह एक ऐसी अदाकारा थीं, जिन्होंने सिनेमा जगत में उस समय अपना दबदबा बनाया था, जब बॉलीवुड में हीरोइन को अबला माना जाता था। बॉलीवुड में उस समय नरगिस ने मदर इंडिया में अपनी अदाकारी के दम पर यह साबित किया था कि बिना हीरो के भी फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती है। एक हीरोइन भी उतने ही सम्मान की हकदार है, जितना की फिल्मी दुनिया का कोई हीरो। लेकिन फिर एक दिन अचानक ऐसी खबर आई, जिससे पूरा सिनेमा जगत सदमे में पहुंच गया। दत्त परिवार से लेकर इंडस्ट्री के सभी लोगों को नरगिस के निधन ने झकझोर कर रख दिया था। 2 मई 1981 में नरगिस दत्त कोमा में चली गई थीं और उसके बाद 3 मई को वह इस रंगीन दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गई। आज उन्हें इस दुनिया से गए पूरे 41 साल हो चुके हैं और आज इस मौके पर हम उनके जीवन की कुछ बेहतरीन फिल्मों के बारे में आपको बताने जा रहे हैं।
Nargis Dutt: सिनेमा जगत में हीरो का दबदबा कम कर छा गई थीं नरगिस दत्त, यहां देखें दिग्गज कलाकार की बेहतरीन फिल्में
फिल्म का नाम- मदर इंडिया
'मदर इंडिया' एक ऐसी मां की कहानी है, जो अपने बच्चों को अच्छी तरह से पालने के लिए कुछ भी कर गुजरने का दम रखती है। ढेरों मुश्किलें आने के बाद भी वह अपने बच्चों की तरफ अपना कर्तव्य नहीं छोड़ती। फिल्म में नरगिस के साथ सुनील दत्त और राजेंद्र कुमार मुख्य भूमिकाओं में थे। यह उस जमाने की ब्लॉकबस्टर फिल्म थी, जिसने बेस्ट फिल्म का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। यह फिल्म आप किसी भी समय अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम कर सकते हैं।
फिल्म का नाम- श्री 420
यह साल 1955 एक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म थी, जिसे राज कपूर ने निर्मित किया था। फिल्म की कहानी एक लड़के राज के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अनाथ होता है। फिल्म में राज कपूर, नरगिस दत्त और नादिरा मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म सुपरहिट रही थी और यह अब जी 5 पर स्ट्रीम की जा सकती है।
फिल्म का नाम- आवारा
आवारा एक क्राइम ड्रामा फिल्म है, जो राज की कहानी बताती है। वह एक चोर होता है, जिसे गरीबी के कारण अपराध करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अपनी मां पर हमला करने के बाद उसने अपने मालिक को भी मार डाला था। उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है। लेकिन जल्द ही सदमे में आ जाता है कि जज उसका पिता होता है। हालांकि, यह बात उसके पिता को नहीं पता होती है। इस फिल्म में नरगिस ने रीटा का किरदार निभाया था, जो राज की प्रेमिका होती है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और अभी यह अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
फिल्म का नाम- दीदार
'दीदार' एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जो शामू नाम के एक व्यक्ति की कहानी दिखाती है। शामू को देखने में परेशानी होती है। लेकिन वह अपने बचपन की प्रेमिका की तलाश करने का फैसला करता है। लेकिन उसके पिता को उसका यह रिश्ता बिल्कुल पसंद नहीं है। इस बात का पता होने के बावजूद वह उसकी तलाश जारी रखता है। फिल्म में दिलीप कुमार, अशोक कुमार, नरगिस दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म हिट रही थी और आप इसे अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।