सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' का देशभर में विरोध किया जा रहा है। अब फिल्म रिलीज में महज एक ही दिन रह गया है। बावजूद इसके करणी सेना के डर से कई शहरों में मल्टीप्लेक्स संचालक 'पद्मावत' को दिखाने से डर रहे हैं। ऐसे में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने मायानगरी मुंबई में रिलीज का समर्थन किया है।
मनसे ने ‘पद्मावत’ की 25 जनवरी को रिलीज होने वाली 'पद्मावत' का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ कर दिया था। मनसे फिल्म इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी ठाकरे ने कहा कि मुंबई क्षेत्र में यदि कोई 'पद्मावत' के रास्ते में आएगा तो उसे मनसे कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ेगा।
मनसे नेता शालिनी ठाकरे ने कहा, 'फिल्म कोई ऐतिहासिक दस्तावेज नहीं है और फिल्मकार को फिल्म बनाते वक्त कुछ आजादी लेनी पड़ती है। मनसे ने फिल्म के कंटेंट पर कभी कोई आपत्ति नहीं जताई, हमारी आपत्ति पाकिस्तान के कलाकारों को काम देने पर थी। फिल्म प्रधानमंत्री के गृह राज्य में रिलीज नहीं हो सकती तो ऐसे में देश के अन्य हिस्सों में कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति का अनुमान लगाया जा सकता है।'
इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म 'पद्मावत' के खिलाफ लगाई गई राजस्थान और मध्यप्रदेश की अर्जियों को खारिज करते हुए दोबारा इसे पूरे देश में रिलीज करवाने की बात कही थी। जिसके बाद दोबारा 25 जनवरी को फिल्म रिलीज का रास्ता साफ हो गया था।
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की संजय लीला भंसाली की फिल्म पर रोक लगाने की याचिकाएं भी खारिज की जा चुकी है। गौरतलब है कि करणी सेना लगातार फिल्म के विरोध में पूरे देश में प्रदर्शन कर रही हैं।