'मर्दानी 2' के विलेन ने अमर उजाला से बातचीत में किया खुलासा- 'मेरठ ने सिखाया किरदार का असली अंदाज'
साल 2019 की सबसे बड़ी खोज माने जा रहे फिल्म मर्दानी 2 के विलेन विशाल जेठवा से मिलकर लगता नहीं कि ये युवा परदे पर इतना खूंखार किरदार कर चुका है। फिल्मों में हीरो के पीछे नाचने वाले लड़कों में शुमार रहे विशाल अब मेहनत से मिलने वाली कामयाबी की हिंदी फिल्म जगत में नई मिसाल बन चुके हैं।
हिंदी सिनेमा में जगह बनाना कितना मुश्किल रहा?
मेरे सामने शोहरत का ये मुकाम 10 साल से ज्यादा की मेहनत के बाद आया है। नुक्कड़ नाटकों, रंगमंच और टीवी शोज में छोटे मोटे किरदार के बाद मुझे टीवी शो ‘महाराणा प्रताप’ ने कदम जमाने में मदद की। कई बार लगा कि अब नहीं हो पाएगा। कंपनी सेक्रेटरी का कोर्स भी करने को लोगों ने कहा लेकिन मैं हिम्मत नहीं हारा, अब नतीजा सबके सामने हैं।
अपने पापा को कितना मिस कर रहे हैं इन दिनों?
मेरे पापा हमेशा कहते थे कि मेरा बेटा हीरो बनेगा। मेरे करियर की शुरूआत में ही वह हमारे बीच नहीं रहे। वह मेरे अभिनय को लेकर बहुत उत्साहित रहते थे। मैं यहीं मुंबई का रहने वाला हूं। सारे स्टूडियोज, डांस कोचिंग और एक्टिंग की कोचिंग घर के आसपास ही होती है। मैंने सब सीखा पर बड़ा मौका मेहनत के कसौटी पर कसे जाने के बाद ही यहां मिलता है। आज पापा होते तो बहुत खुश होते।
रानी मुखर्जी से पहली मुलाकात कैसी रही?
फिल्म मर्दानी 2 का हिस्सा बनने के बाद भी बहुत दिनों तक मैं उनसे मिला नहीं। निर्देशक गोपी शायद मुझे पूरी तरह तैयार होने के बाद ही उनसे मिलवाना चाहते थे। फिल्म की मुहूर्त पूजा वाले दिन मैं गोपी सर के साथ पहली बार उनसे मिला। जैसे ही मैं उनके पास पहुंचा वह तुरंत खड़ी हो गईं। सामने वाले के कद, पद और प्रतिष्ठा को लेकर राय बनाए बिना उसे सम्मान देने की रानी मैम की इस पहल ने मुझे बहुत प्रभावित किया। उन्होंने एक ही बात कही कि हम इस फिल्म में दोस्त की तरह काम करेंगे।
मर्दानी 2 के किरदार की तैयारी कैसे की आपने?
इस किरदार के लिए मैंने काफी तैयारी की। तैराकी और स्कूबा डाइविंग सीखी। मेरठ की भाषा सीखी थी। मैं खुद भी मेरठ गया, वहां हमने काफी वीडियो बनाए। तीन-चार महीनों तक मैं कॉस्टयूम में ही रहा। साबुन लगाना छोड़ दिया। धूप में बैठा रहता था। अकेले रास्ते पर निकल जाता था। लोग मुझे देखकर भागते भी थे। मेरठ ने ही मुझे इस किरदार का असली अंदाज सिखाया।
मोदी विरोध में अनुराग कश्यप ने हिटलर का गलत वीडियो किया शेयर, डिलीट करना पड़ा ट्वीट