पैन इंडिया लेवल पर रिलीज हुई फिल्म 'लाइगर' से विजय देवरकोंडा ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा है। लेकिन उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल करती नहीं दिख रही। विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे ने अपनी इस फिल्म का जमकर प्रमोशन किया और लोगों के उत्साह को देखते हुए माना भी जा रहा था कि 'लाइगर' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देगी। लेकिन यह फिल्म रविवार का फायदा भी नहीं उठा पाई और वीकएंड पर इस फिल्म ने कुछ करोड़ की कमाई की है।
2 of 4
लाइगर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
बंपर ओपनिंग के बाद फिल्म का बुरा हाल
पांच भाषाओं में 'लाइगर' को देश भर के लगभग 2,500 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है। लेकिन कमाई के मामले में यह फिल्म फुस्स साबित होती दिख रही है। फिल्म की ओपनिंग बेशक शानदार रही। लेकिन दूसरे दिन ही इस फिल्म की कमाई धड़ाम गिर गई। इस फिल्म ने पहले दिन 16 करोड़ का कलेक्शन किया, जो ठीक ठाक माना गया। लेकिन दूसरे दिन ही इस फिल्म की कमाई 7.70 करोड़ पर आकर रुक गई। इतना ही नहीं, तीसरे दिन यानी शनिवार को भी यह फिल्म कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई।
3 of 4
लाइगर रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
वीकएंड पर फेल हुई फिल्म
हर फिल्म के लिए पहला वीकएंड काफी खास होता है लेकिन 'लाइगर' शनिवार और रविवार दोनों दिन ही दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकामयाब रही। शनिवार को इस फिल्म ने महज 6.95 करोड़ का कलेक्शन किया और रविवार यानी चौथे दिन फिल्म की कमाई इससे भी ज्यादा कम रही। रविवार को 'लाइगर' ने महज 5.50 से छह करोड़ के बीच की कमाई की है, जो इस पैन इंडिया फिल्म के लिए काफी कम है। अब तक इस फिल्म का टोटल कलेक्शन 36.10 करोड़ तक ही पहुंच पाया है।
4 of 4
फिल्म ‘लाइगर’
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
क्या बजट निकाल पाएगी फिल्म?
पुरी जगन्नाथ के निर्देशन में बनी 'लाइगर' में विजय देवरकोंडा ने एक बॉक्सर की भूमिका निभाई है। फिल्म में अनन्या पांडे विजय देवरकोंडा की लवर की भूमिका में दिखाई दीं और राम्या कृष्णन विजय की मां की भूमिका में हैं। 125 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म के सामने अब बजट निकालने की चुनौती खड़ी हो गई है। इतना ही नहीं, फिल्म की रिलीज से पहले विजय देवरकोंडा ने दावा किया था कि यह फिल्म 200 करोड़ कमाएगी। लेकिन ऐसा हो पाएगा? इस पर भी सवाल है।