छोटे पर्दे की इंस्पेक्टर चंद्रमुखी चौटाला यानी कविता कौशिक बीते दिनों अपने हबी रोनित बिस्वास के साथ छुट्टियां बीता कर लौटी हैं। राजस्थान से उनकी और हसबैंड की कई फोटोज इंटरनेट पर वायरल हो रही थी। अब वहां से लौटते ही कविता मशहूर पंजाबी सिंगर-एक्टर गुरदास मान के साथ इश्क फरमाने में मशगूल हो चुकी हैं।
जी हां, यह सच है लेकिन रियल लाइफ में नहीं बल्कि रील लाइफ में। कविता कौशिक के ये करियर की दूसरी पंजाबी फिल्म हैं। इस फिल्म का नाम है ‘ननकाना।’ कविता ने इस फिल्म के बारे में इंस्टाग्राम पर लिखा है कि अनोखे प्यार की अनूठी कहानी। फिल्म को गुरदास मान की पत्नी मंजीत मान डायरेक्ट कर रही हैं।
फिल्म पंजाब में बैसाखी के मौके पर 13 अप्रैल को रिलीज होगी। 'ननकाना' की शूटिंग में व्यस्त टीवी की ये पुलिस वाली सावधान इंडिया को भी होस्ट करने वाली हैं। गुरदास मान पंजाब के बड़े नाम हैं। ऐसे में इस प्रोजेक्ट के साथ जुड़ना वाकई कविता कौशिक के लिए किसी बड़े अचीवमेंट से कम नहीं।
कविता कौशिक ने एकता कपूर के सीरियल ‘कुटंब’ से अपना करियर शुरू किया था। मगर सही मायनों में सब टीवी के कॉमेडी सीरियल ‘एफआईआर’ के चंद्रमुखी चौटाला के किरदार ने उन्हें पहचान दिलाई। जिसके बाद वो कई रियलिटी शो पर भी नजर आ चुकी हैं।