अभिनेत्री कंगना रणौत ने मंगलवार को बताया कि वह कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हो गई हैं। अभिनेत्री का कोरोना टेस्ट नेगेटिव आ चुका है। इसकी जानकारी उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की थी। कंगना आठ मई को संक्रमित पाई गई थीं और घर में ही पृथकवास में रह रही थीं। आज ही कुछ देर पहले अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा था, ‘सभी को नमस्ते, आप सभी के प्रेम और शुभेच्छाओं से मैं अब संक्रमण मुक्त हो गई हूं। मैंने वायरस को कैसे हराया इस बारे में बहुत कुछ कहना चाहती हूं लेकिन मुझे कोविड फैन क्लब्स को आहत न करने के लिए कहा गया है। हां, वायरस के लिए जरा भी अनादर दिखाओ तो वाकई में कुछ लोग ऐसे हैं जो आहत हो जाते हैं। खैर, आपके प्यार और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया।’ दरअसल, अभिनेत्री का कहना था कि उन्होंने इस बीमारी को कैसे हराया, इसके बारे में बहुत कुछ बताना चाहती हैं लेकिन नहीं बताएंगी। क्योंकि कुछ लोग ऐसा नहीं चाहते हैं।
वीडियो: कंगना ने अब बताया कोरोना से लड़ने का मंत्र, पहले कहा था- ‘नहीं बताऊंगी वायरस को हराने की टिप्स’
लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्हें आभास हुआ कि उन्हें अपना अनुभव साझा करना चाहिए। तो अब कंगना रणौत ने फेसबुक पर अपना वीडियो शेयर किया है और बताया है कि उन्होंने भयानक कोरोना वायरस को कैसे 10 दिनों में शिकस्त दी है। इसके लिए अपना वीडियो शेयर किया है।
कंगना रणौत ने कहा ‘नमस्ते दोस्तों, आज मेरी कोरोना की रिपोर्ट आई है जो निगेटिव है। मैंने सात-आठ दिनों में वायरस को ठीक किया है। पिछली बार जब मैंने इस बारे में कहा था तो कुछ लोग दुखी हो गए थे। इसलिए मेरी कोई इच्छा नहीं थी कि मैं कुछ कहूं यहां पर। क्योंकि ऐसा लगता है कि यहां अभिव्यक्ति की कोई आजादी ही नहीं है। ऐसा लगता है कि नकारात्मक लोगों का समूह हमेशा पॉजिटिव लोगों पर यहां हावी रहता है।’
कंगना ने आगे कहा कि ‘लेकिन मेरी बहन ने बोला कि कुछ लोग हैं जिनका वश चले तो आपके सांस लेने से भी उनलोगों को समस्या हो जाए। तो क्या आप उनकी सोच को अपने ऊपर हावी होने देंगी या 99 प्रतिशत सकारात्मक लोग जो आपके अनुभव से फायदा उठा सकते हैं उनके बारे में सोचेंगी। इसलिए मैं लोगों के साथ अपना अनुभव साझा करना चाहती हूं।’
इसके बाद अभिनेत्री ने अपना एक्पीरियंस शेयर करते हुए कहा ‘दोस्तों सबसे पहले तो डरना नहीं है। किसी भी चीज से डरना नहीं है, क्योंकि जब आप डर जाते हैं तो अपने दिमाग उस दुश्मन को बैठा लेते हैं और फिर वो आप पर हावी हो जाता है। कोई भी समस्या हो तो उसका समाधान खोजना है। सबसे पहले अपनी समस्या को समझिए कि यह बाहरी है या भीतरी। यहां तो अंदरूनी समस्या है बल्कि आप ही समस्या हैं। क्योंकि वायरस ने आपको ही हाईजैक किया हुआ है। तो स्वाभाविक है कि 80 प्रतिशत जंग आप वहीं जीत जाते हैं। क्योंकि आपको किसी और से मतलब नहीं है सिर्फ खुद को ठीक करना है।’