कंगना रनौत ने अपनी अगली फिल्म 'पंगा' की शूटिंग करने से पहले अपने घर मनाली का रुख कर लिया है। अपने नए घर में कंगना की यह पहली दिवाली होगी। घर का नाम कंगना ने 'कार्तिक निवास' रखा है। इस घर की कीमत 30 करोड़ रुपये है। पिछले दिनों कंगना अमेरिका से लौटी हैं। वह अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी की शूटिंग खत्म करने के बाद अमेरिका गई थीं।
फिल्म का एक अहम हिस्सा कंगना ने खुद डायरेक्ट किया है और चर्चा है कि इसमें बतौर निर्देशक अब उनका नाम जा सकता है। फिल्म को पहले गब्बर इज बैक के डायरेक्टर कृष ने संभाला था परंतु बीच में वह एक अन्य फिल्म की शूटिंग में लग गए। तब कंगना ने फिल्म पूरी की।
निर्माता इस बात पर भी विचार कर रहे हैं कि क्या कंगना को फिल्म के निर्देशक का क्रेडिट दिया जाए। बताया जाता है कि कंगना नौ नवंबर को मनाली से वापस मुंबई लौटेंगी और मणिकर्णिका को अंतिम रूप देंगी। इसके बाद वह पंगा की शूटिंग के लिए भोपाल जाएंगी।
कंगना के लिए यह दिवाली खास है क्योंकि इस बार नए घर के साथ कंगना की बहन रंगोली के बेटे पृथ्वी राज की भी पहली दिवाली है। कंगना अक्सर पृथ्वी के साथ फोटोज में नजर आती हैं। उनका भाई अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दिवाली पर घर आ रहा है तो रिश्ते की बात भी होगी। खबर है कि कंगना हिमाचल प्रदेश में अंबा देवी का मंदिर भी बनवा रही हैं और दिवाली की छुट्टियों के दौरान खुद इसकी तरक्की का जायजा लेंगी।
बात करें फिल्म की तो कंगना रनौत की फिल्म 'मणिकर्णिका' अगले साल गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होने जा रही है। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा अंकिता लोखंडे झलकारी बाई की भूमिका में नजर आएंगी। देश के कई हिस्सों में फिल्म की शूटिंग हुई है, जिसमें बनारस, आमेर, जयपुर आदि शामिल है।