बॉलीवुड की 'चांदनी' को दुनिया से अलविदा कहे 9 दिन बीत चुके हैं। यह वक्त न केवल श्रीदेवी के परिवार के लिए बल्कि बॉलीवुड के लिए भी बड़े सदमे से कम नहीं है। इस बीच उनके परिजनों से मिलने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को अनुष्का शर्मा पति विराट कोहली के साथ श्रीदेवी के घर पहुंची तो वहीं बॉलीवुड के कई और दिग्गज भी उनके घर के बाहर स्पॉट किए गए।
जानकारी के मुताबिक कंगना रनौत, आमिर खान पत्नी किरण राव के साथ दिवंगत एक्ट्रेस के घर पहुंचे। कंगना ने सफेद रंग का टॉप पहना हुआ था तो वहीं आमिर काले रंग की टी-शर्ट के साथ जींस पहने हुए दिखाई दिए।
कुछ स्टार्स ने परिवार को सांत्वना देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया तो वहीं कंगना ने खुद जाकर परिवार के साथ कुछ वक्त बिताया। कहा जा रहा है कि वह बोनी कपूर और दोनों बेटियों के साथ काफी समय तक रहीं।
आपको बता दें, श्रीदेवी के अंतिम संस्कार के बाद शोक सभा भी रखी गई थी लेकिन कई स्टार्स उसमें किसी वजह से पहुंच नहीं पाए थे। श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी को दुबई में हुआ था और अंतिम संस्कार 28 फरवरी को मुंबई में हुआ। पहले ऐसी खबरें आ रही थीं कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह डूबना बताई गई।