बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम की आने वाली फिल्म 'परमाणु- द स्टोरी ऑफ पोखरण' का विवाद अब खत्म होता दिख रहा है। इस फिल्म की रिलीज को लेकर हाल ही में जॉन अब्राहम और प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा आपस में उलझ पड़े थे लेकिन अब जॉन ने फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी क्रिअर्ज से नाता तोड़ लिया और फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।
‘परमाणु- द स्टोरी ऑफ पोखरण’ अब 4 मई 2018 को रिलीज होगी। बता दें कि इसी दिन अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की '102 नॉट आउट' रिलीज होगी। इससे पहले IANS को जारी किए गए एक बयान में जॉन अब्राहम ने कहा था कि, 'फिल्म के हित को देखते हुए हमने क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट के साथ अपना अनुबंध खत्म कर दिया है।'
बयान में आगे कहा गया है कि 'जॉन अब्राहम की कंपनी द्वारा अनुबंध को खत्म करना पूरी तरह वैध और कानूनी है। हमने अपने हर प्रतिबद्धता को हर स्टेज में पूरा किया और लिखित में इसकी जानकारी क्रिअर्ज को समय-समय पर दी है। हम पैसे के भुगतान का इंतजार और इसकी मांग कर रहे थे लेकिन इसमें देरी की गई और कभी हमें गलत यूनीक टैक्सपेयर रिफ्रेंस (यूटीआर) नंबर दिया गया तो कई बार चेक भी रोके गए।'
जॉन की प्रोडक्शन कंपनी का कहना है कि 'क्रिअर्ज की वजह से फिल्म के पोस्ट प्रोड्क्शन में देरी हुई जबकि फिल्म का प्रिंसिपल शूट समय पर कर लिया गया था। लगातार फॉलोअप करने के बावजूद फिल्म की वितरण योजना साझा नहीं की गई और थर्ड पार्टी के साथ क्रिअर्ज ने पारदर्शिता नहीं रखी।'
इससे पहले क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट ने जॉन पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि 'फिल्म की रिलीज में देरी के लिए जॉन जिम्मेदार हैं। यही नहीं वह पैसों की भी ज्यादा डिमांड कर रहे हैं जो गलत है। फिल्म के फाइनेंस से जुड़ी सारी बातें पहले ही हो चुकी हैं ऐसे में अब इस तरह से अपनी मांग नहीं रख सकते। इससे प्रोडक्शन कंपनी की इमेज पर बुरा असर पड़ रहा है।'