फिल्म 'सनम रे', 'रुस्तम' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी शानदार फिल्मों में अपनी आवाज से लोगों का दिल जीतने वाली सिंगर पलक मुच्छाल की मां के साथ एक लाइव शो में बदसलूकी करने का मामला सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हाल ही में पलक आगरा में चल रहे ताज महोत्सव में पहुंची। यहां उन्हें उनका लाइव परफॉर्मेंस था। ताज महोत्सव में पलक के साथ उनकी मां और भाई पलाश मुच्छाल भी मौजूद थे। हंगामा उस समय शुरू हो गया जब महोत्सव के आयोजक ने पलक से होली का गाना गाने को कह दिया।
बताया जा रहा है कि पलक स्टेज पर गाना गा रही थीं तभी आयोजन समिति के सांस्कृतिक संयोजक सुधीर नारायन स्टेज पर पहुंच गए और पलक से होली का गाना गाने को कहने लगे। नारायन का इस तरह स्टेज पर जाना पलक की मां को नागवार गुजरा और उनकी मां और आयोजक सुधीर के बीच स्टेज पर ही बहस होने लगी।
इस बीच पलक के भाई पलाश मुच्छाल को उनकी मां के साथ हुई बदतमीजी पर गुस्सा आ गया और सुधीर के साथ हाथापाई हो गई। वहीं पलक को भी यह सब ठीक नहीं लगा और वह ताज महोत्सव में अपनी परफॉर्मेंस को बीच में ही छोड़कर चली गईं। महोत्सव में मौजूद जिले की डीएम को भी यह घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण लगी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कही है।