मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल की बायोपिक के लगातार आगे खिसकते जाने के बाद अब अपनी बायोपिक बनने से पहले ही खिलाड़ियों ने अपने किरदार को परदे पर निभाने के लिए खुद ही कलाकारों के नाम प्रस्तावित करने शुरू कर दिए हैं।
नया पैंतरा: बायोपिक बनने से पहले ही खिलाड़ी पूछने लगे है, कौन निभाएगा किरदार?
पंकज आडवाणी
स्नूकर और बिलियर्ड्स के विश्व विजेता पंकज आडवाणी ने हाल में अपनी बायोपिक को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि रणबीर कपूर उनके जीवन को पर्दे पर बखूबी से पेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि रणबीर कपूर की रुचि खेल में भी है। वह मुंबई के खार जिमखाना में खेलते थे। तो रणबीर कपूर जैसा कोई एक्टर मेरे किरदार को प्ले कर सकता है। वह बहुत ही इंटेंस एक्टर हैं। उनका अभिनय हम रॉकस्टार सरीखी फिल्मों में देख ही चुके हैं।'
पीवी सिंधू
पीवी सिंधू ने हाल में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। इस उपलब्धि के बाद फिल्म जगत में उनपर बायोपिक बनने की चर्चा भी शुरू हो गई है। इस बारे में पीवी सिंधू का कहना है कि अगर उनपर बॉयोपिक बनती हैं तो वह चाहेंगी की दीपिका पादुकोण उनका रोल प्ले करें। उन्होंने कहा कि दीपिका फिल्म में बैडमिंटन भी अच्छा खेल लेंगी। गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण की बेटी हैं और वह खुद भी नेशनल लेवल तक खेल चुकी हैं।
दुती चंद
दो एशियन गेम्स सिल्वर मेडल हासिल करने वाली एथलीट दुती चंद पर कई फिल्ममेकर फिल्म बनाना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दुती ने हाल में कहा था कि अनिल कपूर और फिल्ममेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने उन्हें बायोपिक के राइट्स के लिए अप्रोच किया था। दुती चंद ने बताया, प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म 'मैरी कॉम' में बहुत अच्छा काम किया। वैसे मुझे नहीं पता कि अपनी बायोपिक करने के लिए किसे सलेक्ट करना चाहिए। लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि कंगना रनौत मुझे स्क्रीन पर पेश कर सकती हैं। एक्ट्रेस के तौर पर वह मुझे पसंद हैं।'
सानिया मिर्जा
ग्रैंड स्लैम (डबल) का खिताब अपने नाम कर चुकी टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने कुछ साल पहले अपने बायोपिक में परिणीति चोपड़ा के काम करने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में यह बात कही थी। वहीं इस साल की शुरुआत में सानिया की बायोपिक की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। रोनी स्क्रूवाला ने इस फिल्म के निर्माण के अधिकार लिए हैं। हालांकि लीड किरदार को लेकर संशय बरकरार है।