दुबले-पतले और कम हाइट के एक्टर राजकुमार राव का 31 अगस्त को जन्मदिन है। वह 34 साल के हो जाएंगे। उनका जन्म साइबर सिटी गुड़गांव में 1983 में हुआ था। राजकुमार ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2010 में फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' से की थी और अब तक के 8 साल के फिल्मी करियर में वह 'काय पो छे', क्वीन, न्यूटन जैसी जबरदस्त फिल्मों में काम कर चुके हैं। यहां तक कि उनकी एक फिल्म ऑस्कर के लिए भी चुनी गई थी..तो आइए जानते हैं उनके इस सफर के बारे में..
न्यूकमर एक्टर राजकुमार राव ने अपनी एक्टिंग से साबित कर दिया कि वह लंबी रेस के घोड़े हैं। उन्हें हर फिल्म में अलग-अलग किरदार और लुक में देखा जाता है। उन्होंने फिल्म 'ट्रैप्ड' के लिए खुद को कई दिनों तक भूखा रखा, इसके बाद फिल्म 'बहन होगी तेरी' में वह अलग ही अंदाज में नजर आए। इसके बाद फिल्म 'बोस' के लिए वह काफी मोटे हुए। कुल मिलाकर यही बात सामने आती है कि राजकुमार रोल में ढलने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।
अगर उनकी लव लाइफ की बात करे तो साल 2014 में आई उनकी ड्रामा फिल्म 'सिटी लाइट' में उनके साथ लीड रोल में नजर आईं एक्ट्रेस पत्रलेखा से उनका इस फिल्म के बाद नाम जुड़ गया। इस फिल्म के बाद दोनों फिर कभी एक साथ किसी फिल्म में नहीं दिखे लेकिन दोनों के बीच का प्यार आज भी बरकरार है। पत्रलेखा राजकुमार के साथ हमेशा स्पॉट होती हैं।
राजकुमार स्कूल टाइम से एक्टिंग के बड़े शौकीन रहे हैं। ऐसे में उन्होंने पुणे में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से पढ़ाई की और उसके बाद मुंबई जा पहुंचे। भले ही उन्हें एक्टिंग का शौक रहा हो लेकिन एक सफल करियर के लिए उन्हें काफी मेहनत भी करनी पड़ी। वह दिन रात इसी बारे में सोचते थे कि एक्टर ही बनना है। इसमें उनके घरवालों ने भी उनका बहुत साथ दिया।
बता दें कि मुंबई में संघर्ष के दिनों में उनकी नजर एक एड पर पड़ी जिसमें डायरेक्टर दिबाकर बनर्जी को फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' के लिए नए चेहरों की तलाश थी। फिर क्या था राजकुमार ने इस मौके का पूरा-पूरा फायदा उठाते हुए पहुंच गए स्टूडियो और डायरेक्टर को ऐसा ऑडिशन दिया कि वहां मौजूद सबकी आंखें खुली की खुली रह गई। उनकी एक्टिंग देखने के बाद दिबाकर ने उन्हें अपनी फिल्म के लिए सिलेक्ट कर लिया। बस यहीं से शुरू हुआ राजकुमार का फिल्मी सफर।