हिंदी दिवस 2017: हिंदी सिनेमा में आज अंग्रेजी भाषा का बोलबाला है। कई कलाकार ठीक से अपनी मातृ भाषा नहीं बोल पाते हैं। ऐसे में कुछ ही कलाकार ऐसे हैं जिन्होंने हिंदी भाषा में अपना लोहा मनवाया है। आज से हिंदी दिवस शुरू हो रहा है। तो हम आपको बताते हैं कि कौन हैं वो कलाकार जो फर्राटेदार अंग्रेजी के साथ बेहतरीन हिंदी भी बोलते हैं।
इस कड़ी में पहला नाम अमिताभ बच्चन का आता है। बिग बी के पिता श्रीहरिवंश राय बच्चन एक हिंदी कवि थे। शायद उनमें ये गुण अपने पिता की ही देन है। बात चाहे कोई टीवी शो होस्ट करने की हो या फिल्मों के डायलॉग्स की, अमिताभ अपनी हिंदी से लोगों का मन जीत लेते हैं।
हिंदी सिनेमा के मशहूर कलाकार ओम पुरी ने अपने करियर की शुरुआत एक ऐसे एक्टर के तौर पर की थी जिसकी अंग्रेजी में हालत पतली थी। लेकिन हिंदी में उन्हें कोई मात नहीं दे सकता था। हिंदी में अच्छी पकड़ और बेहतरीन एक्टिंग के चलते उन्हें आसानी से फिल्मों में काम मिला। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी भाषा भी सीखी और हॉलीवुड की कई फिल्मों में अभिनय किया।
नकारात्मक रोल से लोकप्रिय होने वाले एक्टर रजा मुराद की आवाज के साथ हिंदी भी दमदार है। रजा अभी तक 200 हिंदी फिल्मों में काम कर चुके हैं। इन्होंने एक पंजाबी फिल्म के साथ कई तेलुगु फिल्में और कुछ टीवी सीरियल में भी काम किया है।
हिंदी भाषा की बात हो तो एक नाम आशुतोष राणा का भी आता है। आशुतोष एक बेहतरीन एक्टर होने के साथ हिंदी भी लाजवाब है। वैसे तो आशुतोष मराठी, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में भी काम कर चुके हैं लेकिन उनकी हिंदी का कोई तोड़ नहीं। अच्छी हिंदी के चलते उन्होंने कई टीवी शो भी होस्ट किए हैं।