भारत में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसको रोकने के लिए सरकार कई तरह के कदम उठा रही है। कई जगह लॉकडाउन लगाया गया है, लेकिन अभी तक लोगों को इससे राहत नहीं मिली है। वहीं, कई संस्थान और सेलेब्स लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। अब 'सनम तेरी कसम' फेम हर्षवर्धन राणे ने भी लोगों की परेशानी को देखते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया है।
हर्षवर्धन राणे: कोरोना पीड़ितों की मदद में जुटे अभिनेता, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स के लिए बाइक बेचने का लिया फैसला
हर्षवर्धन ने अपने इंस्टाग्राम पर बाइक साफ करते हुए एक तस्वीर शेयर की है। अभिनेता ने तो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदने के लिए अपनी बाइक ही बेचने का फैसला कर लिया है। उन्होंने लिखा कि 'मैं अपनी बाइक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के लिए एक्सचेंज में दे रहा हूं, जिसका पैसा किसी जरुरतमंद को जाएगा। हैदराबाद में मुझे अच्छे कंसंट्रेटर को खोजने में कृपया मेरी मदद करें।'
बता दें कि हर्षवर्धन 'सनम तेरी कसम' और 'पलटन' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। वह आखिरी बार फिल्म 'तैश' में नजर आए थे। यह फिल्म के साथ वेब सीरीज भी थी। पिछले साल हर्षवर्धन कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और तब वह 'तैश' के लिए डबिंग कर रहे थे। इस दौरान वो आईसीयू में भी भर्ती थे।
एक इंटरव्यू के दौरान हर्षवर्धन ने अपना अनुभव साझा किया था। उन्होंने कहा था कि 'इस प्रोजेक्ट के लिए पुल्कित सम्राट और कृति खरबंदा जैसे लोग अपना पूरा योगदान दे रहे थे तो आईसीयू से डब करना मेरा कर्तव्य था।'
बता दें कि देश में इस समय हर दिन चार लाख से ऊपर कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, इसकी चपेट में आकर हजारों लोगों की मौत हो रही है। ऐसे में हर्षवर्धन के अलावा भी कई सितारे अपने सोशल मीडिया पेज से ही लोगों की मदद में जुटे हैं। सहायता करने वालों में सोनू सूद, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे सितारों के नाम भी शामिल हैं।