ईद के मौके पर सलमान खान ने फिल्म 'रेस 3' रिलीज की थी । दर्शकों को इस फिल्म से बहुत उम्मीदें थीं लेकिन बॉक्स ऑफिस पर 'रेस 3' बुरी तरह फ्लॉप हो गई । खुद सलमान खान के फैंस ने भी इस फिल्म का काफी मजाक उड़ाया । 200 करोड़ कमाने के बावजूद इस फिल्म को फ्लॉप करार दिया गया ।
फिल्म में सलमान ने अपने हिसाब एक्टर-एक्ट्रेस को कास्ट किया था । इसमें जैकलीन फर्नांडिस, बॉबी देओल, डेजी शाह और अनिल कपूर लीड रोल में थे । फिल्म में बॉबी देओल ने 4 साल बाद वापसी की थी । फैंस 'रेस 3' से इतना निराश हुए कि सोशल मीडिया पर #WeDontWantDabangg3 ट्रेंड करने लगा ।
इसके जरिए फैंस ये बताना चाहते थे कि उन्हें 'रेस 3' जैसी फ्लॉप फिल्म फिर से नहीं चाहिए । इस फिल्म की पूरी कास्ट का खूब मजाक उड़ाया गया। हाल ही में बॉबी ने 'रेस 3' के फ्लॉप होने के बारे में बात करते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता कि अचानक क्या हुआ ? फिल्म की रिलीज से पहले काफी सारी निगेटिविटी फैल गई थी।'
'मैं उस वक्त भी नहीं समझ पाया कि ऐसा क्यों हो रहा है ? किसी भी फिल्म के खिलाफ इतनी निगेटिविटी देखने को नहीं मिलती है। लोग हम सभी को किसी भी बात पर ट्रोल कर रहे थे लेकिन सलमान खान की पावर हम सभी ने बॉक्स ऑफिस पर देखी।' इतना मजाक उड़ने के बावजूद फिल्म ने 200 करोड़ की कमाई की ।
बॉबी देओल ने आगे कहा, 'कोई भी कलाकार 100 प्रतिशत हिट फिल्में चूज नहीं कर सकता है। यह दर्शकों के ऊपर होता है कि वो फिल्म को पसंद करते हैं या नहीं ? लेकिन अंत में मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि यह मेरी पहली 200 करोड़ी फिल्म है। मेरे लिए हमेशा रेस 3 यादगार फिल्म रहेगी क्योंकि इसके लिए मैंने काफी मेहनत की थी और लोगों ने तारीफ भी की।'