दुनिया में सबसे घनी आबादी वाले शहरों के मामले में नंबर वन शहर मुंबई ने कोरोना की तीसरी लहर के लिए खुद को अभी से तैयार करना शुरू कर दिया है। इस काम में शहर के स्थानीय निकायों के अधिकारियों के अलावा शहर प्रमुख तो जुटे ही हुए हैं, इस मुहिम में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का बीड़ा देश की नंबर वन पॉप सिंगर ध्वनि भानुशाली ने भी उठा लिया है। ध्वनि की युवाओं में पहुंच को देखते हुए मुंबई का स्थानीय प्रशासन देखने वाली संस्था बृहन्नमुंबई महानगर पालिका ने उन्हें इस मुहिम में शामिल किया है। शहर में बने अनोखे आइसोलेशन सेंटर को जनता को समर्पित करने के मौके पर ध्वनि खासतौर से मौजूद रहीं। इस आइसोलेशन सेंटर में हल्के और मध्यम लक्षण वाले ऐसे लोग पृथकवास (आइसोलेशन) के लिए अलग अलग कमरों में रह सकेंगे, जिनके घरों में इसके लिए अलग कमरों की व्यवस्था नहीं है।
2 of 5
ध्वनि भानुशाली
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर के दौरान भी पॉप आइकन ध्वनि भानुशाली कोविड मरीजों की मदद करने में सबसे आगे रही हैं। कोविड मरीजों की मदद करने के प्रयास पर ध्वनि कहती हैं, "महामारी ने निश्चित रूप से देश-दुनिया को प्रभावित किया है। लेकिन जो लोग वंचित हैं और बुनियादी सुविधाओं का खर्च नहीं उठा सकते हैं, वे सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। जब इस पहल में साथ आने के लिए मुझसे संपर्क किया गया तो मैंने महसूस किया कि यह कुछ ऐसा है, जिससे वास्तव में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और मैं तुरंत इसका हिस्सा बन गई।"
3 of 5
अपर्णा शाह, ध्वनि भानुशाली
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जानकारी के मुताबिक कलीना विश्वविद्यालय कैंपस में बने 140 बेड वाले इस सेंटर में हल्के या मध्यम लक्षणों वाले कोविड पॉजिटिव मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया जाएगा। जिनके पास अपने घर पर खुद को आइसोलेट करने का कोई साधन नहीं है, वे यहां रह सकते हैं। सेंटर पर ट्विन बेड के साथ 70 कमरे हैं और प्रत्येक कमरे में एक प्राइवेट बाथरूम है। ये सेंटर बनाते समय ध्यान रखा गया है कि इसका प्रयोग बुजुर्ग और बच्चे दोनों ही तरह के मरीज कर सकें। डॉक्टरों तथा नर्सों के साथ साथ यहां ऑक्सीजन सिलेंडर, एम्बुलेंस तथा मेडिकल स्टाफ की भी पूरी तैयारी कर ली गई है।
4 of 5
किशोरी पेडनेकर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इस केंद्र का नाम इंटरनेशनल स्टूडेंट्स हॉस्टल आइसोलेशन सेंटर रखा गया है। इसके पहले इसके संचालकों ने बीते साल "किचन फॉर ऑल" नामक एक प्रोजेक्ट भी शुरू किया था। इस दौरान उन जरूरतमंद लोगों की सहायता की गई जिनके पास भोजन और आवश्यक वस्तुएं नहीं थी। इस मुहिम के तहत झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया गया और प्रवासी नागरिकों को आवश्यक किट भी वितरित किए जो अपने होमटाउन जा रहे थे। लगभग पांच महीनों तक आयोजकों ने बांद्रा और सांताक्रूज़ ईस्ट क्षेत्रों के आसपास के ज़रूरतमंद लोगों को हर दिन पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया।
5 of 5
टीम के साथ ध्वनि भानुशाली
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
एमसीजीएम के सहयोग से आशिया- होप फॉर लाइफ फाउंडेशन द्वारा स्थापित इंटरनेशनल स्टूडेंट्स होस्टल आइसोलेशन सेंटर शुक्रवार 9 जुलाई से जनता के लिए शुरू हो जाएगा। इस सेंटर को मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर, मुंबई के पूर्व महापौर विश्वनाथ महादेश्वर, श्रीमती अलका सासाने, पॉप स्टार ध्वनि भानुशाली, 50 यंग की को-फाउंडर अनीता गुरनानी और आशिया- होप फॉर लाइफ फाउंडेशन की को-फाउंडर अपर्णा शाह ने जनता को समर्पित किया।