बिग बॉस सीजन 11 के फिनाले में हिना खान को पीछे छोड़कर शिल्पा शिंदे ने शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। उन्होंने शो के सभी कंटेस्टेंट्स के साथ बहुत सधा हुआ खेल खेला। बिग बॉस के ऐसे ही 4 कंटेस्टेंट के बारे में बताने जा रहे हैं जिनके साथ शिल्पा की खूब जमीं।
Bigg Boss 11: 'भाबीजी' से 'मां' तक का सफर, शिल्पा शिंदे की इन कंटेस्टेंट्स साथ खूब जमीं
बिग बॉस के पहले हफ्ते में ही शिल्पा शिंदे और विकास गुप्ता की खूब नोंक-झोक देखने को मिली। दरअसल, करीब डेढ़ साल पहले शिल्पा शिंदे ने 'भाबीजी घर पर हैं' सीरियल छोड़ दिया था। उन्होंने शो के मेकर्स पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था जिसके बाद निर्माताओं और शिल्पा के बीच विवाद काफी बढ़ गया। यही नहीं 'भाबीजी..' शो छोड़ने के बाद उन्हें इंडस्ट्री में कोई काम नहीं मिला जिसकी वजह से उन्हें डेढ़ साल घर बैठना पड़ा। सबसे मजेदार वाक्या तो तब हुआ जब बिग बॉस के घर में शिल्पा के साथ ही 'भाबीजी घर पर हैं' सीरियल के निर्माता विकास गुप्ता भी पहुंचे। शुरूआत के 5 हफ्ते शिल्पा ने विकास गुप्ता को काफी परेशान किया। एक वक्त तो ऐसा आया कि शिल्पा की हरकतों से विकास यहां तक परेशान हो गए कि वह जेल तोड़कर घर से भागने की फिराक में थे। हालांकि बाद में दोनों के रिश्तों में काफी सुधार हुआ। विकास ने अब प्लान किया है कि घर से बाहर निकलने के बाद वह एक वेब सीरीज बनाएंगे, जिसमें शिल्पा शिंदे मुख्य किरदार में होंगी।
'भाबी जी' के किरदार से मशहूर हुई शिल्पा को बिग बॉस में मां का दर्जा मिला। घर के कंटेस्टेंट्स उन्हें 'शिल्मा' कहकर बुलाते थे, इसमें से मुख्य थे आकाश ददलानी। शिल्पा भी मां की तरह ही घर के बाकि सदस्यों का वैसे ही ध्यान रखती थी। यही नहीं वह कई बार आकाश ददलानी की ऊटपटांग हरकतों को भी नजरअंदाज करके उनका सपोर्ट करती थीं, हालांकि बाद में आकाश की हरकतों से शिल्पा भी परेशान होते हुए दिखीं लेकिन इसके बावजूद वह आकाश को बच्चे की तरह देखती थी।
बिग बॉस के घर में शिल्पा और अर्शी की जोड़ी खूब जमती दिखीं। अर्शी और शिल्पा की ये दोस्ती घर के कई कंटेस्टेंट्स को खूब अखरती रही। हिना खान तो एक बार यह भी कहती हुईं पाईं गई कि 'शिल्पा वैसे तो बहुत अच्छी हैं लेकिन वह अर्शी जैसों के संगत में होने की वजह से स्क्रीन पर बुरी दिखती हैं।' ऐसा नहीं है कि शिल्पा और अर्शी के बीच केवल दोस्ती ही रही हो दोनों के बीच टास्क के दौरान झगड़े भी खूब हुए। इसके बावजूद जब अर्शी दोबारा एक टास्क के दौरान घर में आईं तो उन्होंने शिल्पा से सारे गिले शिकवे दूर किए।
घर में एकमात्र कॉमनर पुनीश शर्मा थे जो टॉप 4 फाइनलिस्ट बनने में कामयाब रहे। पूरे सीजन के दौरान पुनीश शर्मा और शिल्पा शिंदे की दोस्ती देखी गई। दोनों ने एक दूसरे को हमेशा सपोर्ट किया हालांकि एक सच्चे दोस्त की तरह जब भी शिल्पा ने कुछ गलत किया पुनीश उसके खिलाफ भी बोले। दर्शकों को पुनीश शर्मा की बातें काफी पसंद आईं।