टी सीरीज म्यूजिक व फिल्म कंपनी के मुख्य प्रबंध निदेशक भूषण कुमार के खिलाफ दर्ज हुए बलात्कार के मामले में अब एक नया खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक भूषण कुमार के चाचा कृष्ण कुमार से मिलकर इस मामले में मोटी रकम की वसूली करने वाले एक नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में अभियुक्त बनाए गए इस नेता का नाम मल्लिकार्जुन पुजारी है। पिछले लोकसभा चुनाव में उसने ठाणे लोकसभा सीट से राष्ट्रवादी समाज पक्ष से पर्चा भी भरा था। इस मामले में वसूली करने की कोशिश की एक शिकायत अंबोली पुलिस थाने में 1 जुलाई को और भी दर्ज हो चुकी है।
भूषण कुमार के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा एक महिला मॉडल ने अंधेरी पश्चिम के डी एन नगर थाने में दर्ज कराया है। एफआईआर के मुताबिक इस महिला ने अपने साथ बीते तीन साल तक लगातार दुष्कर्म होने का आरोप लगाया है और कहा है कि भूषण ने काम देने के बहाने उसका लगातार शारीरिक शोषण किया। भूषण कुमार के ऊपर इस तरह के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। इस बार मामले में ये भी सामने आया है कि संबंधित महिला किसी वेब सीरीज को बनाने के लिए भूषण कुमार से पैसा मांग रही थी लेकिन इससे इंकार किए जाने के बाद ये मुकदमा दर्ज कराया गया।
2 of 5
भूषण कुमार
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शनिवार को इस बारे में एक और नई जानकारी आई। अंबोली पुलिस थाने में इस मामले में अब एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। ये मुकदमा उसी शिकायत से संबंधित है जो 1 जुलाई को की गई थी। इस एफआईआर में ये मल्लिकार्जुन पुजारी नामक एक नेता पर ये आरोप लगा है कि वह बलात्कार का मामला दर्ज कराने वाली महिला के साथ मिलीभगत करके भूषण कुमार को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा था।
3 of 5
टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार
- फोटो : सोशल मीडिया
ठाणे में रहने वाले मल्लिकार्जुन पुजारी पर आरोप है कि उसने भूषण कुमार से पिछले महीने वसूली की रकम की मांग की और इसी दौरान धमकी भी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो एक लड़की उनके खिलाफ बलात्कार का मुकदमा लिखा देगी। इसी मामले की शिकायत अंबोली थाने में 1 जुलाई को दर्ज कराई गई थी।
4 of 5
कृष्ण कुमार, भूषण कुमार
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इसी दौरान इस मामले की जानकारी भूषण कुमार के चाचा और टी सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार के भाई कृष्ण कुमार को भी हुई। उन्होंने भी मल्लिकार्जुन पुजारी से बात की और दोनों के बीच 5 जुलाई को एक होटल में मुलाकात हुई। आरोप है कि इस मुलाकात में भी मल्लिकार्जुन ने पैसे न मिलने पर भूषण कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। कृष्ण कुमार ने इन धमकियों के आगे झुकने से मना किया और उन्होंने इस पूरी बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया। कृष्ण कुमार के पास इस मुलाकात के बाद भी लगातार फोन आते रहे लेकिन कृष्ण कुमार ने इनका जवाब नहीं दिया। डी एन नगर थाने में भूषण कुमार के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आने पर उनके चाचा फिर सक्रिय हो गए हैं।
5 of 5
भूषण कुमार
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जानकारी के मुताबिक कृष्ण कुमार ने अपने भतीजे से वसूली की कोशिशों की पूरी जानकारी अंबोली पुलिस थाने को दे दी है और उन्होंने मल्लिकार्जुन पुजारी से बातचीत की अपनी रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है। इस बारे में अंबोली पुलिस थाने से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में संबंधित मॉडल व आरोपित नेता के खिलाफ वसूली करने की कोशिश करने और बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराने की साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।