प्रियंका चोपड़ा ने अचानक 'भारत' छोड़कर सभी को चौंका दिया। फिल्म के निर्देशक अली अब्बास जफर ने खुद ट्वीट कर इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि प्रियंका अब उनके इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं है और वो निक को और ज्यादा वक्त देना चाहती हैं जिस वजह से फिल्म से अलग होने का फैसला किया। भले ही अली अब्बास जफर ने इस पूरे घटनाक्रम को सामान्य बनाने की कोशिश की है लेकिन प्रोड्यूसर के बयान से ऐसा लगता नहीं है।
दरअसल, सलमान खान की बहन अलवीरा के पति अतुल अग्निहोत्री की कंपनी रील लाइफ प्रोडक्शंस फिल्म 'भारत' को प्रोड्यूस कर रही है। कंपनी के सीईओ निखिल नामित ने मिड डे से बात करते हुए कहा कि 'प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि वो अपनी सगाई के चलते 'भारत' छोड़ रही हैं। जबकि उन्होंने दो दिन की शूटिंग भी कर ली थी। किसी भी फिल्म को इस तरह छोड़ देना गैरजिम्मेदाराना रवैया है।'
प्रियंका के फिल्म छोड़ने के बाद अब सलमान खान के अपोजिट जैकलीन फर्नांडिस या कटरीना कैफ को ये रोल मिल सकता है। मिड डे को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रियंका पिछले दो हफ्ते से 'भारत' की टीम से इस बारे में बात कर रही थीं कि उन्हें निजी कारणों से यह प्रोजेक्ट छोड़ना पड़ सकता है। प्रियंका के रवैये को देखते हुए दबंग टूर के दौरान सलमान खान ने कटरीना कैफ से फिल्म के रोल के लिए बात भी की थी।
इससे पहले पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका दो दिन की शूटिंग के बाद न्यूयॉर्क चली गईं। जिसके बाद उन्हें पता चला कि कुछ और एक्टर्स को फिल्म के लिए कास्ट किया गया है। जिसमें दिशा पाटनी, तब्बू, और नोरा फतेही का नाम शामिल है। प्रियंका को पता चला कि फिल्म में इन लोगों के रोल बाद में क्रिएट किए गए।
प्रियंका चोपड़ा की आखिरी हिंदी फिल्म प्रकाश झा की 'गंगाजल' थी जो 2016 में रिलीज हुई थी। इस साल की शुरुआत में उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि वह जल्द ही बॉलीवुड में वापसी करने जा रही हैं। फिल्म साइन करने के बाद प्रियंका ने ट्वीट किया था कि 'भारत का हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं।'