पूरे भारत वर्ष में इन दिनों साउथ की फिल्मों का डंका बज रहा है। साउथ की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा रही हैं। जहां एक तरफ हिंदी बेल्ट के दर्शकों को साउथ की फिल्में पसंद आ रही हैं, तो वहीं मनोरंजन जगत में भाषा को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। किच्चा सुदीप और अजय देवगन के बीच राष्ट्रीय भाषा को लेकर शुरू हुए विवाद में मनोरंजन जगत के बहुत से सितारों ने खुलकर अपने बयान दिए थे। अभी कुछ दिनों से मामला ठंडा पड़ा था, लेकिन अब साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के बयान ने एक बार फिर से इस मुद्दे की आग भड़का दी है। दरअसल, महेश बाबू ने मेजर के ट्रेलर लॉन्च पर कहा, 'मुझे हिंदे से बहुत प्रस्ताव मिले लेकिन मुझे लगता है कि बॉलीवुड मुझे अफोर्ड नहीं कर सकता और इसलिए मैं अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते। मैं हमेशा से तेलुगू फिल्में करना चाहता था।' चलिए आपको बताते हैं कि इस मामले में अब तक तक किसने क्या-क्या कहा और बहस की शुरुआत कैसे हुई।
Bollywood Vs South Cinema: महेश बाबू के बयान ने भड़काई भाषा विवाद की आग, जानें अब तक किसने-क्या कहा?
किच्चा सुदीप और अजय देवगन से शुरू हुआ विवाद
भाषा विवाद की शुरुआत किच्चा सुदीप के ‘आर: द डेडलिएस्ट गैंगस्टर एवर' के लॉन्च इवेंट पर दिए गए बयान से शुरू हुई। किच्चा सुदीप ने कहा था कि हिंदी अब हमारी राष्ट्रभाषा नहीं है, जिस पर अभिनेता अजय देवगन ने ट्वीट करते हुए कहा था, ‘किच्चा सुदीप, मेरे भाई, अगर आपके अनुसार हिंदी हमारी मातृभाषा नहीं है तो आप अपनी मूल भाषा की फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हो? हिंदी राष्ट्रभाषा थी, है और हमेशा रहेगी।' इसके बाद किच्चा सुदीप ने अपने जवाब में कहा था कि मेरी बात को गलत समझ गया है, मेरा ऐसा मतलब नहीं था।
भाषा विवाद पर अभिनेता सोनू सूद ने भी अपनी राय रखी थी। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हिंदी को सिर्फ राष्ट्रभाषा कहा जा सकता है। भारत की एक ही भाषा है और वो है मनोरंजन। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस उद्योग से हैं। जब तक आप लोगों का मनोरंजन करेंगे, वो आपसे प्यार करेंगे, आपका सम्मान करेंगे। केवल अच्छे सिनेमा को ही स्वीकार किया जाएगा। साउथ सिनेमा, हिंदी फिल्मों के बनाने के तरीके को बदल देगा।’
लोग सारी भाषाएं नहीं समझते
एक इंटरव्यू के दौरान अनूप जलोटा ने कहा, ‘महात्मा गांधी हिंदी में बात करते थे। देश के अधिकांश लोग भी हिंदी समझते हैं। हम इस चर्चा से अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ ही बिहारी और पंजाबी का भी सम्मान होता है, लेकिन लोग सारी भाषाएं नहीं समझते हैं। इसलिए दक्षिण भारतीय फिल्मों को डब किया जाता है।’
साउथ स्टार्स से इनसिक्योर हैं नॉर्थ के स्टार्स
राम गोपाल वर्मा ने किच्चा सुदीप के ट्वीट को रिट्वीट किया और लिखा, 'अजय देवगन, इस बात को कैसे साबित किया जा सकता है कि अगर आपके हिंदी ट्वीट का जवाब हम कन्नड़ में देते तो? बहुत प्यार तुम्हें, मुझे उम्मीद है कि सभी इस बात को समझ गए हैं कि नॉर्थ-साउथ कुछ नहीं है, भारत एक है। सबसे बड़ा सच यह है कि नॉर्थ स्टार्स, साउथ स्टार्स से इनसिक्योर हैं, क्योंकि कन्नड़ फिल्म केजीएफ- चैप्टर 2 ने पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया।