बॉलीवुड में अपने शानदार अभिनय की वजह से लोगों के दिल में जगह बनाने वाले एक्टर अनुपम खेर के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। आखिरकार अनुपम खेर की ट्विटर पर वापसी हो ही गई है। बता दें, मंगलवार को उनका ट्विटर अकाउंट टर्किश साइबर आर्मी ने हैक कर दिया था।
जिसके बाद मंगलवार को अनुपम खेर ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि उनका ट्विटर हैक हो गया है। इस बात की जानकारी उन्हें उनके भारतीय दोस्तों से मिली। उन्होंने बताया कि फिलहाल वो अभी लॉस एंजिलिस में हैं लेकिन इस मामले में उन्होंने ट्विटर से बात कर ली है।
अनुपम खेर ने हाल ही में अपने फैंस को अपने ट्विटर की जानकारी देते हुए एक ट्वीट किया, थैंक्यू ट्विटर इंडिया, मेरा अकाउंट हैक होने के बाद जिस शानदार तरीके से आपने मामले को हैंडल किया। सभी दोस्तों और मीडिया के लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे लॉस एंजिलिस में आधी रात अकाउंट हैक होने की जानकारी दी। हैकर्स के लिए- आई लव इंडिया। भारत माता की जय।
खबरों की माने तो अनुपम खेर का ट्विटर अकाउंट हैक करने वाले हैकर्स ने खुद को तुर्की का बताया था। हैकर्स ने अपने पहले ट्वीट में लिखा था, आपका अकाउंट तुर्की स्थित साइबर आर्मी आइदिज़ तिम ने हैक कर लिया है। आपका सारा डेटा कैप्चर कर लिया गया है। इस ट्वीट के अंत में आपत्तिजनक कंटेट भी लिखा था। ट्वीट के अंत में हैकर्स ने 'आई लव पाकिस्तान' लिखा हुआ था।