'बस एक सनम चाहिए आशिकी के लिए' फिल्म 'आशिकी' के गाने की ये लाइन आपको अच्छे से याद होगी। इसके साथ ही फिल्म के एक्टर राहुल रॉय को भी कोई नहीं भूल सकता। फिल्म ‘आशिकी’ से एक्टर राहुल रॉय को जो पहचान मिली, उससे उन्हें 'रोमांटिक हीरो', लवर बॉय' जैसे कई नाम भी मिले। राहुल रॉय की पहली फिल्म 'आशिकी' हिट साबित हुई थी लेकिन फिर ऐसा क्या हुआ कि एक्टर फिल्मों की दुनिया से दूर हो गए। आज हम आपको राहुल रॉय की फिल्मी और पर्सनल लाइफ से जुड़ी कुछ बातें बताने जा रहे हैं।
राहुल रॉय की मां एक महिला पत्रिका में लेख लिखा करती थीं, जिसे पढ़कर निर्देशक महेश भट्ट काफी प्रभावित हो गए थे। महेश राहुल की मां से मिलने उनके घर आए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक्टर की तस्वीरों पर पड़ी थी, जिसे देखकर महेश ने राहुल को अपनी फिल्म 'आशिकी' ऑफर की थी। उस वक्त राहुल मॉडलिंग कर रहे थे और उन्होंने फिल्म के लिए हां कह दी।
फिल्म 'आशिकी' सिनेमाघरों में रिलीज हुई और एक्टर की पहली फिल्म हिट साबित हुई। राहुल ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि उनकी पहली फिल्म हिट हो जाएगी। 'आशिकी' करीब 6 महीने तक हाउसफुल चलती रही और इसकी सफलता ने राहुल को रातों रात स्टार बना दिया। दर्शकों को ये फिल्म काफी पसंद आ रही थी लेकिन इसके बाद लगातार 8 महीनों तक राहुल के पास एक भी फिल्म का ऑफर नहीं आया। एक्टर बिना किसी काम के थे।
वो कहते है ना ऊपर वाला जब देता है तो झप्पर फाड़ के देता है। ऐसा ही कुछ राहुल रॉय के साथ हुआ। पहले उनके पास फिल्मों के ऑफर नहीं थे लेकिन जब ऑफर आए, तो एक साथ 60 फिल्मों के ऑफर थे। राहुल ने करीब 47 फिल्मों को साइन कर दिया था। उन्हें ये डर था कि कहीं दोबारा उन्हें खाली ना बैठना पड़े इसलिए उन्होंने एक साथ 47 फिल्में साइन कर दी थी। राहुल की पहली फिल्म 'आशिकी' बड़ी हिट थी लेकिन उसके बाद आने वाली उनकी 25 फिल्में पर्दे पर बुरी तरह से फ्लॉट हुई। राहुल ने ‘फिर तेरी याद आई’, ‘जानम’, ‘सपने साजन के’, ‘गुमराह’ और ‘मझदार’ जैसी फिल्में कीं। कुल मिलाकर उन्होंने 25 फिल्में की थी, लेकिन उनमें से एक भी कमाल नहीं दिखा पाई।
इसके बाद साल 1992 में राहुल रॉय को महेश भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जुनून’ में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में एक्टर ने अपने निगेटिव किरदार से दर्शकों को हैरान कर दिया। लेकिन इस फिल्म ने भी उनके करियर को कुछ ज्यादा नहीं दिया। अपने फिल्मी करियर में राहुल ने भोजपुरी फिल्मों में भी अपना हाथ आजमाया। यहां तक कि उन्होंने बी और सी ग्रेड फिल्में भी साइन की थी। लेकिन राहुल रॉय का सितारा फिर नहीं चमका और धीरे-धीरे वो फिल्मों से दूर हो गए।