बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपने बारे में कई खुलासे किए। तब्बू ने बताया कि खुद से जुड़े वो कौन से ऐसे सवाल है जिन्हें सुनकर उन्हें बहुत कोफ्त होती है। मीडिया को दिए अपने एक इंटरव्यू में तब्बू ने कहा वो सबसे ज्यादा तब चिढ़ती हैं जब लोग उनसे अब तक सिंगल होने के पीछे का कारण पूछने लगते हैं।
तब्बू ने अपने इंटरव्यू में बताया कि 'आप कहां गायब थी? आप कम फिल्में क्यों करती हैं? आप कम दिखाई क्यों देती हैं? आप सिंगल क्यों हैं? जैसे सवाल मुझसे बहुत पूछे जाते हैं और इन सवालों से मुझे बड़ी कोफ्त होती है, ऐसे सवालों से मैं बेहद चिढ़ जाती हूं। अब जाकर इन दिनों सिंगल वाला सवाल थोड़ा कम पूछा जाता है, अब ऐसा लगता है लोगों ने मुझे सिंगल स्वीकार कर लिया है या फिर वह वही सवाल बार-बार पूछ कर खुद थक गए हैं।'
तब्बू का कहना है कि वो किसी भी फिल्म के लिए तभी हां करती हैं जब वह कहानी या किरदार उनकी कसौटी पर खरा उतरता हो। उन्होंने बताया कि अगर किसी फिल्म की कहानी पढ़ते समय उन्हें महसूस होता है कि यह किरदार मुझपर बहुत सूट करेगा, तो वो बिना किसी सवाल के फिल्म तुरंत साइन कर लेती हैं।
'दृश्यम' के बारे में बात करते हुए तब्बू ने कहा, इस समय मुझे फिल्म 'दृश्यम' जैसा कोई किरदार मिलना बहुत बड़ी बात है। उनका कहना है कि दृश्यम का वह इमोशनल किरदार निभाना वाकई काफी मुश्किल था। वह किरदार एक औरत, एक मां और एक पुलिस आई जी ऑफिसर का है।