PNB की मुंबई ब्रांच में नीरव मोदी के करोड़ों रुपये के घोटाले के खुलासे के बाद प्रियंका चोपड़ा ने हीरा कारोबारी नीरव मोदी से सभी कॉन्ट्रेक्ट तोड़ लिए थे। अब इस मामले में प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने अपनी राय जाहिर की है।
हाल ही में इंडिया टुडे से हुई बातचीत में प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने इस पूरे मामले पर अपना बयान दिया है। मधु चोपड़ा ने कहा कि ये जो कुछ भी हुआ वो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रियंका ने नीरव मोदी के साथ सभी कॉन्ट्रैक्ट टर्मिनेट कर दिया है और इस पूरे मामले में जो भी ऑफिशियली एक्शन लेने है वो लिए जा रहे हैं।
प्रियंका की मां मधु चोपड़ा के अनुसार नीरव मोदी चेहरे से, काम से और हरकतों से बिल्कुल अलग है। जैसा वो दिखता है वैसा है नहीं। हमें इस घटना से बहुत धक्का लगा है और ये समझ ही नहीं आ रहा कि कैसे हम ऐसे लोगों से जुड़ गए।
आपको बता दें कि प्रियंका इस ब्रांड से हाल ही में जुड़ी थीं। बता दें कि नीरव के जूलरी ब्रैंड से कई सिलेब्स जुड़े हैं। प्रियंका नीरव मोदी की कंपनी द्वारा तैयार हीरे के आभूषणों का विज्ञापन करती रही हैं साथ ही वह कंपनी की ब्रांड एम्बेस्डर भी रह चुकी हैं।