हजारों जिंदगियां निगलने के बावजूद कोरोना वायरस का कहर दुनिया में थमने का नाम ही नहीं ले रहा। इस वायरस से हर रोज हजारों जिंदगियां खत्म हो रही हैं। उन सब में से एक बुधवार को ही इस वायरस का शिकार बने टीवी अभिनेत्री दिव्या अग्रवाल के पिता। 'स्प्लिट्सविला' और 'एस ऑफ स्पेस' जैसे शोज में नजर आ चुकीं दिव्या के पिता पिछले कुछ हफ्तों से कोरोना वायरस से संक्रमित होने की परेशानी से जूझ रहे थे।
टीवी की इस अभिनेत्री के पिता का कोरोना से निधन, एकता कपूर, नेहा धूपिया ने जताया शोक
आखिर इस बुधवार को सुबह को नवी मुंबई के एक अस्पताल में उन्होंने अपना दम तोड़ दिया। इस खबर की जानकारी खुद दिव्या ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की है। सुबह के वक्त ही दिव्या ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की जिसमें वह अपने पिता के साथ प्रसन्न मुद्रा में बैठी हुई हैं।
इस फोटो के साथ ही कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'आप हमेशा मेरे साथ हैं। मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं पापा। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।' जब से दिव्या के पिता इस वायरस से संक्रमित हुए, तब से ही वह लगातार सोशल मीडिया पर उनके तबीयत की जानकारी साझा करती रहती थीं। बीते मंगलवार को ही उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में अपने प्रशंसकों से अपने पिता के लिए प्रार्थना करने की गुजारिश की थी।
You are always with me... i love you papa.. RIP
A post shared by D I V Y A A G A R W A L (@divyaagarwal_official) on
दिव्या ने लिखा, 'कृपा करो नानक देव जी। मैं सभी से प्रार्थना करती हूं कि शाम पांच बजे मेरे पिता के लिए आप दिल से प्रार्थना करें। प्रार्थना की एक साथ आवाज जरूर उनके काम आएगी। मुझे नहीं पता कि इसमें कितना विश्वास है। बस मैं यह जानती हूं कि भगवान है। कृपया भगवान से प्रार्थना कीजिए। मैंने, जो कुछ संभव हो सकता था, सब करने की कोशिश की है। और मैं अपनी कोशिश जारी रखूंगी।' कोरोना वायरस का शिकार दिव्या के घर में सिर्फ उनके पिता ही नहीं, बल्कि उनकी मां और भाई भी हुए थे। मां और भाई की तबीयत तो धीरे-धीरे सुधरी लेकिन पिता की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
A post shared by D I V Y A A G A R W A L (@divyaagarwal_official) on
दिव्या के सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट पर उनके दोस्तों और चाहने वालों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है और दुख की इस घड़ी में ढांढस भी बंधाया है। निर्माता एकता कपूर ने लिखा, 'अचानक आए इस बड़े दुख का हमें खेद है। कृपया कमजोर मत पड़ना।' अभिनेत्री नेहा धूपिया ने भी कमेंट में लिखा, 'दिव्या, मुझे बहुत-बहुत खेद है कि आपको इस बड़े दुख का सामना करना पड़ा। मेरी तरफ से प्रेम और प्रार्थना हमेशा आपके साथ हैं। हमेशा मजबूत और बहादुर बनी रहना।' इनके अलावा भी अभिनेता अली गोनी, प्रिंस नरूला, मदिराक्षी मुंडल आदि कलाकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
पढ़ें: पिता अनुपम खेर की तरह मुकाम हासिल नहीं कर पाए सिकंदर, अब फिल्मों में करते हैं साइड रोल