बॉलीवुड और स्पोर्ट्स दोनों ही दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हैं। बॉलीवुड ऐसी जगह है, जहां आपको डॉक्टर, इंजीनियर से लेकर हर फील्ड में माहिर सितारे मिल जाएंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इंडस्ट्री के कुछ ऐसे भी सितारे हैं, जो नेशनल लेवल स्पोर्ट्स प्लेयर रह चुके हैं। वहीं, कुछ ऐसे भी कलाकार हैं, जिन्हें खेलों में काफी दिलचस्पी है। तो चलिए बताते हैं कि आपके किन पसंदीदा सितारों का स्पोर्ट्स से नाता है।
Bollywood Stars: स्पोर्ट्स से है आपके पसंदीदा सितारों का नाता, कुछ तो रह चुके हैं नेशनल लेवल के खिलाड़ी
साकिब सलीम
अभिनेता साकिब सलीम ने अभिनय करने से पहले क्रिकेट को अपना करियर चुना था। उन्होंने बचपन में विराट कोहली ने एक साथ क्रिकेट खेला था। उन्होंने शुरुआती दौर में जम्मू और कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया। मॉडलिंग के अवसरों की तलाश में मुंबई आने से पहले उन्होंने दिल्ली के लिए भी खेला था।
अक्षय कुमार
बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार मार्शल आर्ट के माहिर खिलाड़ी हैं। अक्षय मार्शल आर्ट्स सीखने बैंकॉक गए थे और इसके बाद पांच साल उन्होंने थाइलैंड में रहकर थाई बॉक्सिंग भी सीखी थी। इसके अलावा अक्षय ताइक्वांडो में भी ब्लैक बेल्ट हैं।
दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण बैडमिंटन में भी माहिर हैं। उनके पिता प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन स्टार रह चुके हैं। ऐसे में बचपन से दीपिका का रुझान भी बैडमिंटन की ओर था और उन्होंने अपने पिता से ट्रेनिंग भी ली। दीपिका चैरिटी मैचों के लिए बैडमिंटन खेलती हैं।
जेनेलिया डिसूजा
बॉलीवुड अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। लेकिन जेनेलिया को कॉलेज के दिनों में खेलकूद में काफी रुचि थी। वह स्टेट लेवल एथलीट होने के साथ ही स्प्रिंटर और नेशनल लेवल फुटबॉल प्लेयर रह चुकी हैं।