जिस प्रोजेक्ट से 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार ने अपने हाथ खींच लिए, जिस फिल्म के लिए सलमान का नाम सामने आया, उसमें फाइनली अब आमिर खान नजर आएंगे। 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान गुलशन कुमार की बायोपिक 'मुगल' करने को तैयार हो गए हैं। मगर उन्होंने मेकर्स के सामने एक बड़ी शर्त रखी है।
आमिर खान की शर्त है कि गुलशन कुमार की बायोपिक में म्यूजिक कंपोजर जोड़ी नदीम-श्रवण के नदीम सैफी का जिक्र नहीं होगा। आमिर खान चाहते हैं कि गुलशन कुमार की बायोपिक में उनके किए अच्छे कामों और उनकी उपलब्धियों का तो जिक्र हो, मगर उनकी दिन दहाड़े की कई हत्या के बाद शक के घेरे में आए नदीम का नाम स्क्रिप्ट में शामिल ना हो।
साल 1997 में मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) में शिव मंदिर के पास गुलशन कुमार की हत्या कर दी गई थी। इस मर्डर में म्यूजिक कंपोजर नदीम सैफी का नाम सामने आया था। कहा गया कि अंडरवर्ल्ड के साथ मिलकर नदीम ने हत्या की साजिश रची थी।
गुलशन कुमार की हत्या के बाद नदीम सैफी देश छोड़कर फरार हुए और लंदन में जा बसे। खबर है कि गुलशन कुमार की बायोपिक के बाद नदीम अपनी बायोपिक भी रिलीज करेंगे। बहरहाल, आमिर नहीं चाहते कि उनकी फिल्म किसी पचड़े में पड़े। लिहाजा, वह गुलशन कुमार की पूरी जिंदगी को दिखाने के बजाए, उनकी जिंदगी के एक पहलू पर ही फोकस करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि फिल्म के लिए प्रोड्यूजर भूषण कुमार (गुलशन कुमार के बेटे) ने सबसे पहले अक्षय कुमार को अप्रोच किया था। अक्षय को अपनी फीस और फिल्म की कहानी से दिक्कत थी और यह बात वो भूषण कुमार को बता चुके थे। लेकिन भूषण इसे इग्नोर कर रहे थे। इसलिए साइन करने के बाद भी अक्षय ने फिल्म छोड़ दी। अक्षय के बाद इस फिल्म में सलमान का नाम जोड़ा गया लेकिन वहां भी बात नहीं बनी।